यूपी में 22 से 29 नवंबर के बीच होंगे निकाय चुनाव, 1 दिसंबर को रिजल्ट

यूपी में 22 से 29 नवंबर के बीच होंगे निकाय चुनाव, 1 दिसंबर को रिजल्ट

Bhaskar Hindi
Update: 2017-10-27 14:08 GMT
यूपी में 22 से 29 नवंबर के बीच होंगे निकाय चुनाव, 1 दिसंबर को रिजल्ट

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। गुजरात और हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों की तारीखों के ऐलान के बीच उत्तर प्रदेश निकाय चुनावों की भी घोषणा हो गई है। 16 नगर निगम, 198 नगर पालिका और 438 नगर पंचायतों में होने वाले ये चुनाव तीन चरणों में होंगे। पहले चरण की वोटिंग 22 नवंबर, दूसरे चरण की 26 नवंबर और तीसरे चरण की वोटिंग 29 नवंबर को होगी। इन चुनावों के नतीजे 1 दिसंबर को आएंगे। चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही राज्य में आचार संहिता लागू हो गई है।


राज्य निर्वाचन आयोग ने आज शुक्रवार को निकाय चुनाव की इन तारीखों का ऐलान करते हुए बताया कि इन चुनावों में कुल मतदाताओं की संख्या 3.32 करोड़ हैं। इनमें 53.5 फीसदी पुरुष और 46.5 फीसदी महिला वोटर हैं। राज्य निर्वाचन आयुक्त एसके अग्रवाल ने बताया कि निकाय चुनावों की अधिसूचना जारी होने के साथ ही राजस्व, पुलिस और नगर विकास में ट्रांसफर, नियुक्ति और प्रमोशन पर रोक लग गई है। उन्होंने बताया कि कलेक्टर और एसपी भी चुनाव आयोग की परमिशन के बगैर जिले से बाहर नहीं जा सकेंगे।

 

  • पहले चरण की वोटिंग 22 नवंबर को होगी। इसमें 24 जिलों के 230 निकायों के लिए मतदान होंगे, जिनमें 5 नगर निगम, 71 नगर पालिका और 154 नगर पंचायते शामिल हैं।

  • दूसरे चरण की वोटिंग 26 नवंबर को होगी। इसमें 22 जिलों के 189  निकायों के लिए मतदान होंगे, जिनमें 6 नगर निगम, 51 नगर पालिका और 152 नगर पंचायते शामिल हैं।

 

  • तीसरे चरण की वोटिंग 29 नवंबर को होगी। इसमें 26 जिलों के 233 निकायों के लिए मतदान होंगे, जिनमें 5 नगर निगम, 76 नगर पालिका और 154 नगर पंचायते शामिल हैं।

 

चुनावी खर्च की यह है सीमा

  • लखनऊ और कानपुर में मेयर की चुनावी खर्च की सीमा 12.5 लाख से बढ़ाकर 25 लाख की गई है। अन्य निगमों के लिए यह 20 लाख तय की गई है।
  • नगर निगमों में पार्षद के खर्ची की सीमा को 1 लाख से बढ़ाकर 2 लाख कर दिया गया है।
  • नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष की चुनाव खर्च सीमा 4 से बढ़ाकरब 8 लाख रुपये कर दी गई है।

Similar News