सीएम गहलोत बोले: राजस्थान में हो रहे तमाशे को बंद करवाएं प्रधानमंत्री मोदी, विधानसभा सत्र की घोषणा के बाद बढ़े हॉर्स ट्रेडिंग के रेट 

सीएम गहलोत बोले: राजस्थान में हो रहे तमाशे को बंद करवाएं प्रधानमंत्री मोदी, विधानसभा सत्र की घोषणा के बाद बढ़े हॉर्स ट्रेडिंग के रेट 

Bhaskar Hindi
Update: 2020-08-01 16:31 GMT
सीएम गहलोत बोले: राजस्थान में हो रहे तमाशे को बंद करवाएं प्रधानमंत्री मोदी, विधानसभा सत्र की घोषणा के बाद बढ़े हॉर्स ट्रेडिंग के रेट 

डिजिटल डेस्क, जयपुर। राजस्थान में चल रही राजनीतिक घमासान के बीच मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रधानमंत्री मोदी से मदद मांगी है। शनिवार को मीडिया से चर्चा के दौरान सीएम गहलोत ने कहा कि भाजपा उनकी सरकार गिराने के लिए विधायकों की खरीद-फरोख्त का बड़ा खेल खेल रही है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी को राजस्थान में चल रहे तमाशे को बंद करवाना चाहिए। वहीं बागी विधायकों के लिए सीएम ने कहा कि जो लोग सरकार गिराने की साजिश में लगे थे, अगर वह आलाकमान के पास जाते हैं और आलाकमान उन्हें माफ कर देता है तो मैं उन्हें गले लगा लूंगा।  

मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि भाजपा का हॉर्स ट्रेडिंग का खेल बहुत बड़ा है, उनके मुंह खून लग चुका है, कर्नाटक में, मध्य प्रदेश में, इसलिए वो यहां प्रयोग कर रहे हैं। पूरा गृह मंत्रालय इस काम में लगा है। धर्मेंद्र प्रधान, पीयूष गोयल की तरह कई मंत्री लगे हुए हैं। कई छुपे रुस्तम भी हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए हमें यह सब करना पड़ रहा है। यह सब करते हुए हमें अच्छा नहीं लगता। मुझे पार्टी ने बहुत कुछ दिया है, में तीन बार मुख्यमंत्री था, प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष रहा मैं जो भी कर रहा हूं पार्टी और जनता की सेवा के लिए कर रहा हूं मेरा इसमें अपना कुछ भी नहीं है।

विधायकों की खरीद-फरोख्त की रेट बढ़ रही है
उन्होंने कहा कि लोगों ने प्रधानमंत्री को दो बार मौका दिया। उन्होंने थाली बजवाई, ताली बजवाई, बेल बजवाई, मोमबत्ती जलवाई, लोगों ने उनकी बात पर विश्वास किया। ये बहुत बड़ी बात है। इसलिए प्रधानमंत्री को चाहिए कि राजस्थान में जो तमाशा चल रहा है उसे बंद करवाएं। यहां पर विधायकों की खरीद-फरोख्त की रेट बढ़ रही है। यह क्या तमाशा है?

वसुंधरा राजे कहां गायब हैं: गहलोत
भाजपा पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि वसुंधरा राजे बड़ी नेता हैं। उनसे टक्कर लेने के चक्कर में राजेंद्र राठौर और सतीश पूनिया सरकार गिराने की साजिश में लगे हैं। वसुंधरा राजे को नीचा दिखाने के लिए सब हो रहा है। वसुंधरा जी का पता नहीं है कि आजकल वह कहां हैं। गुलाबचंद कटारिया, मीडिया के सामने हमें गालियां देते हैं मगर उनकी भी क्या सोच है पता है।

कोरोना पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के लिए पीएम को लिखूंगा चिट्ठी
उन्होंने कहा कि मैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक चिट्ठी लिखूंगा कि उन्हें कोरोना के बढ़ते हुए मामलों पर देश के बाकी मुख्यमंत्रियों के साथ एक और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करनी चाहिए। इससे पहले राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर राज्य की सरकार को अस्थिर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अमित शाह हर वक्त सरकार गिराने के बारे में सोचते हैं।
 

Tags:    

Similar News