Death: कांग्रेस प्रवक्ता राजीव त्यागी का हार्ट अटैक से निधन, राहुल ने कहा- पार्टी ने अपना बब्बर शेर खो दिया

Death: कांग्रेस प्रवक्ता राजीव त्यागी का हार्ट अटैक से निधन, राहुल ने कहा- पार्टी ने अपना बब्बर शेर खो दिया

Bhaskar Hindi
Update: 2020-08-12 15:44 GMT
Death: कांग्रेस प्रवक्ता राजीव त्यागी का हार्ट अटैक से निधन, राहुल ने कहा- पार्टी ने अपना बब्बर शेर खो दिया

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस प्रवक्ता राजीव त्यागी का बुधवार को गाजियाबाद स्थित उनके आवास पर दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। शाम करीब 07.30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। अचानक तबियत बिगड़ने के तुरंत बाद उन्हें गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी पहचान कांग्रेस के तेज़तर्रार प्रवक्ता तौर पर की जाती थी।

राजीव त्यागी ने राजनीति की शुरुआत राष्ट्रीय लोकदल से की थी। वे गाजियाबाद में राष्ट्रीय लोकदल के जिला अध्यक्ष थे। जनवरी 2006 में वे कांग्रेस में शामिल हुए। पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी को काला झंड़ा दिखाकर चर्चा में आए थे। लगभग 15 साल तक कांग्रेस में रहने वाले राजीव त्यागी पार्टी की विचारधारा के प्रति समर्पित नेता थे।

कांग्रेस पार्टी ने आधिकारिक ट्विटर हैंडल के माध्यम से अपने नेता के निधन की जानकारी दी। ट्वीट में लिखा गया, "श्री राजीव त्यागी के आकस्मिक निधन से हम बहुत दुखी हैं। एक कट्टर कांग्रेसी और एक सच्चे देशभक्त। दुःख की इस घड़ी में हमारी प्रार्थनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं।

 

 

राहुल गांधी ने कहा- आज कांग्रेस ने एक बब्बर शेर खो दिया
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा, कांग्रेस ने आज अपना एक बब्बर शेर खो दिया। राजीव त्यागी के कांग्रेस प्रेम व संघर्ष की प्रेरणा हमेशा याद रहेंगे। उन्हें मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि व परिवार को संवेदनाएं।

वहीं राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, INC के राष्ट्रीय प्रवक्ता, श्री राजीव त्यागी के असामयिक निधन का पता चलने पर दुखी हूं। उन्होंने समर्पित रूप से पार्टी की सेवा की। उनके परिवार के सदस्यों और दोस्तों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। इस कठिन समय में वे मजबूत बने रहें। उनकी आत्मा को शांति मिले।

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव त्यागी जी की असामयिक मृत्यु मेरे लिए एक व्यक्तिगत दुःख है। हम सबके लिए अपूरणीय क्षति है, राजीव जी विचारधारा समर्पित योद्धा थे। समस्त यूपी कांग्रेस की ओर से परिजनों को हृदय से संवेदना। ईश्वर उनके परिवार को दुख सहने की शक्ति दे।

बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, "विश्वास नहीं हो रहा है कंग्रेस के प्रवक्ता मेरे मित्र राजीव त्यागी हमारे साथ नहीं रहे। आज 5 बजे हम दोनो ने साथ में डिबेट भी किया। जीवन बहुत ही अनिश्चित है ...अभी भी शब्द नहीं मिल रहें है। गोविंद, राजीव जी को अपने श्री चरणो में स्थान देना।

Tags:    

Similar News