किसानों के समर्थन में आए राहुल गांधी, बोले- हम सब आपके साथ हैं, एक इंच पीछे मत हटिए

किसानों के समर्थन में आए राहुल गांधी, बोले- हम सब आपके साथ हैं, एक इंच पीछे मत हटिए

Bhaskar Hindi
Update: 2021-01-29 11:44 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों की ट्रैक्टर रैली में हिंसा के बाद कमजोर दिख रहा आंदोलन फिर ज़ोर पकड़ रहा है। इस बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सत्याग्रही किसानों का समर्थन जताया।

राहुल ने कहा, मैं किसानों से कहना चाहता हूं हम सब आपके साथ हैं। एक इंच पीछे मत हटिए, ये आपका भविष्य है। ये जो 5-10 लोग आपका भविष्य चोरी करने की कोशिश कर रहे हैं, इन्हें मत चोरी करने दीजिए, हम आपकी पूरी मदद करेंगे।

राहुल ने कहा,  सरकार को किसानों से बात करनी चाहिए और उन्हें कोई समाधान देना चाहिए। जैसा मैंने पहले भी कहा है कि इसका एक मात्र समाधान इन कृषि क़ानूनों को वापस लेना है। उन्होंने कहा, किसानों के आंदोलन के साथ क्या चल रहा है, आप जानते हैं। 

किसानों को पीटा जा रहा है। उनको डराया जा रहा है। हम सब जानते हैं कि क्या चल रहा है। पहला कानून मंडी व्यवस्था को खत्म कर देगा। दूसरा कानून कृषि व्यवस्था को खत्म कर देगा। तीसरा कानून में किसान कोर्ट नहीं जा सकेंगे।

राहुल ने कहा, ये पूरी तरह से क्रिमिनल एक्ट है। इसको वापस लिया जाना चाहिए। हम चाहते हैं कि किसानों के साथ बातचीत कर इसका समाधान निकाला जाए। 

लालकिले के सवाल पर राहुल गांधी ने कहा कि पचास किसानों को किसने लालकिले में जाने दिया। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री यह बताएं कि किसने अंदर जाने का आदेश दिया।

Tags:    

Similar News