2019 वर्ल्डकप खेलेंगे धोनी, संन्यास लेने की अटकलों को किया खारिज

2019 वर्ल्डकप खेलेंगे धोनी, संन्यास लेने की अटकलों को किया खारिज

Bhaskar Hindi
Update: 2018-08-07 13:43 GMT
हाईलाइट
  • 2019 वर्ल्डकप तक वह संन्यास लेने पर कोई भी फैसला नहीं लेंगे।
  • धोनी ने कप्तान विराट कोहली की भी तारीफ की।
  • महेंद्र सिंह धोनी ने मंगलवार को अपने संन्यास लेने की अटकलों को खारिज कर दिया।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कैप्टन कूल के नाम से मशहूर महेंद्र सिंह धोनी ने मंगलवार को अपने संन्यास लेने की अटकलों को खारिज कर दिया। उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा कि 2019 वर्ल्डकप तक वह सन्यास लेने पर कोई भी फैसला नहीं लेने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह अभी पूरी तरह फिट हैं और अगले साल होने वाले वर्ल्डकप के बाद ही इसपर निर्णय लेंगे। बता दें कि पिछले महीने इंग्लैंड के खिलाफ अंतिम वनडे में धोनी ने अंपायर से बॉल मांगा था। उसके बाद से यह अटकलें लगाई जा रही थी कि धोनी संन्यास लेने जा रहे हैं। 

क्या कहा धोनी ने
भारत के इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने कहा, "मैंने वह बॉल स्विंग परखने के लिए मांगा था। मुझे यह जानना था कि हमारे गेंदबाजों को स्विंग हासिल क्यों नहीं हो सका। हमें अगले साल वहां वर्ल्डकप खेलना है और यह जानना जरूरी था। इसी वजह से मैंने अंपायर से बॉल मांगी। इसमें मेरे संन्यास लेने जैसी कोई बात नहीं। ICC के नियमानुसार वह गेंद वैसे भी अनुपयोगी हो जाती है। मैंने वह बॉल लेने के बाद बॉलिंग कोच को दे दिया था।

धोनी ने कोहली को लेकर कही ये बात
महेंद्र सिंह धोनी ने भारतीय कप्तान विराट कोहली की भी तारीफ की। पहले टेस्ट में कोहली ने 149 रनों की पारी खेली थी।। इस पर धोनी ने कहा कि वह एक शानदार शतक था। धोनी ने कहा, "कोहली टीम के लीडर हैं और आप एक टीम लीडर से यही चाहते हो कि वह फ्रंट से लीड करे। मैं उन्हें आगे के लिए शुभकामनाएं देता हूं।" वहीं इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए धोनी ने जीत के कुछ टिप्स भी दिये। धोनी ने कहा कि टेस्ट मैच जीतने के लिए किसी भी टीम को विपक्षी टीम के 20 विकेट लेने होते हैं। कोई टीम चाहे कितनी भी अच्छी बल्लेबाज कर ले लेकिन आप मैच विपक्षी टीम को ऑलआउट कर ही जीत सकते हैं।

बता दें कि धोनी मंगलवार को मुंबई के एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस कार्यक्रम में वह "रन ऐडम" नामक एप लांच करने पहुंचे थे। इस एप में धोनी के 25 प्रतिशत शेयर हैं। साथी ही वह इस एप के ब्रांड एंबेसडर और मेंटर भी होंगे।

Similar News