भारतीय महिला फुटबॉल टीम ने तुर्कमेनिस्तान को 10-0 से रौंदा, रोमानिया से अगला मुकाबला

भारतीय महिला फुटबॉल टीम ने तुर्कमेनिस्तान को 10-0 से रौंदा, रोमानिया से अगला मुकाबला

Bhaskar Hindi
Update: 2019-03-01 16:36 GMT
भारतीय महिला फुटबॉल टीम ने तुर्कमेनिस्तान को 10-0 से रौंदा, रोमानिया से अगला मुकाबला

डिजिटल डेस्क, अलान्या। भारतीय महिला फुटबॉल टीम ने शुक्रवार को तुर्की महिला कप के अपने दूसरे मैच में तुर्कमेनिस्तान को 10-0 से रौंद दिया। भारत की स्टार फॉरवर्ड खिलाड़ी संजू ने सबसे ज्यादा तीन गोल दागे। बता दें कि भारत को अपने पहले मैच में उज्बेकिस्तान के हाथों 1-0 से हार का सामना करना पड़ा था।

 

 

भारत ने पहले हाफ की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में की। पहले हाफ के 7वें मिनट में ही भारत की डांगमेई ग्रेस ने तुर्कमेनिस्तान के डिफेंडर्स को छकाते हुए पहला गोल दागा। इसके 10 मिनट बाद संजू ने एक और गोल दागते हुए सक्रो 2-0 कर दिया। संजू यहीं नहीं रुकीं और हाफ टाइम से पहले मैच का तीसरा और अपना दूसरा गोल दागते हुए टीम का स्कोर 3-0 कर दिया। 

हाफ टाइम के बाद भारत ने विपक्षी टीम पर अटैक जारी रखा। मैच के 51वें मिनट में ग्रेस के शानदार पास पर अंजू तमांग ने गोल दागते हुए भारतीय टीम के स्कोर को 4-0 कर दिया। इसके 9 मिनट बाद (60वें) भारत की ही रंजना ने अपना पहला और टीम के लिए पांचवां गोल दागा। अभी तुर्कमेनिस्तान की टीम संभली नहीं थी कि 62वें मिनट में रंजना ने एक और गोल कर दिया। इसके कुछ मिनट बाद संजू ने अपना तीसरा गोल दागा। 

मैच के अंतिम 20 मिनट में सुमित्रा और कप्तान इंदुमथी ने 1-1 गोल स्कोर करते हुए भारत की लीड को 10-0 कर दिया। फाइनल सीटी बजने तक भारत ने यह लीड जारी रखा और मैच जीत लिया। भारत के लिए संजू (17वें, 37वें, 71वें) मैच की सर्वोच्च स्कोरर रहीं। वहीं अंजू तमांग (51वें, 83वें) और रंजना (60वें, 62वें) ने दो-दो गोल किए। जबकि डांगमेई ग्रेस (7वें), सुमित्रा (77वें) और इंदुमथी (87वें) ने भी एक-एक गोल दागे। भारत अब अपने अगले मैच में रोमानिया से भिड़ेगा।

Similar News