वर्ल्डकप से पहले टीम इंडिया को लग सकता है झटका, चोटिल हुआ MI का यह खिलाड़ी..

वर्ल्डकप से पहले टीम इंडिया को लग सकता है झटका, चोटिल हुआ MI का यह खिलाड़ी..

Bhaskar Hindi
Update: 2019-03-25 13:23 GMT
वर्ल्डकप से पहले टीम इंडिया को लग सकता है झटका, चोटिल हुआ MI का यह खिलाड़ी..

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज जस्प्रीत बुमराह चोटिल हो गए हैं। IPL-12 में मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले गए मैच में बुमराह को चोट लगी। यह चोट इतनी गंभीर थी कि मुंबई के फिजियो को उन्हें मैदान से बाहर ले जाना पड़ा। दो महीने बाद वर्ल्डकप होना है, ऐसे में बुमराह का चोटिल हो जाना भारतीय टीम के लिए चिंता का विषय बन सकता है। 

दरअसल मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने बुमराह को MI vs DC मैच में लास्ट ओवर में गेंदबाजी करने के लिए बुलाया था। उस वक्त दिल्ली की ओर से ऋषभ पंत बल्लेबाजी कर रहे थे। दिल्ली की पारी की अंतिम गेंद पर पंत ने एक जोरदार शॉट लगाया, जिसको डाइव मारकर रोकने के प्रयास में बुमराह को कंधे में चोट लग गई। इसके बाद वह बायां कंधा पकड़कर दर्द में कराहते हुए दिखे। मुंबई इंडियंस के फिजियो तुरंत भागते हुए मैदान पर आए और बुमराह को सपोर्ट देकर मैदान से बाहर ले जाया गया। इसके बाद वह मुंबई की तरफ से बैटिंग करने भी नहीं आए और मुंबई की टीम 176 रन पर ऑल आउट हो गई।

जून से इंग्लैंड में शुरू हो रहे वर्ल्डकप में बुमराह भारतीय पेस बैटरी की अहम कड़ी माने जा रहे हैं। पिछले एक साल में भारतीय टीम की जीत में उनका काफी योगदान रहा है। ऐसे में उनका चोटिल हो जाना भारतीय टीम की चिंता बढ़ा सकती है। हालांकि मुंबई इंडियंस के टीम मैनेजमेंट ने सोमवार को कहा कि बुमराह अब पहले से ठीक हैं। गुरुवार को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु के खिलाफ होने वाले मैच से पहले उनका टेस्ट कराया जाएगा। फिटनेस टेस्ट के बाद ही उनके मैच खेलने पर विचार किया जाएगा।

बुमराह को लगी चोट कितनी गंभीर है, इसकी अभी तक कोई पुष्टि नहीं हो सकी है। हालांकि उनकी चोट मुंबई इंडियंस के लिए भी मुश्किल खड़ी कर सकती है, क्योंकि MI की टीम ने बुमराह के रहते ही दो बार IPL की ट्रॉफी उठाई है। बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स ने ऋषभ पंत की आतिशी पारी की बदौलत मुंबई इंडियंस को 37 रनों से हरा दिया। दिल्ली की ओर से पंत ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों में 78 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 7 चौके और 7 छक्के लगाए।

इससे पहले भारतीय कप्तान विराट कोहली ने भी BCCI से भारतीय तेज गेंदबाजों को IPL में रेस्ट देने की अपली की थी। कोहली ने कहा था कि इससे तेज गेंदबाज वर्ल्डकप के लिए फिट रह पाएंगे। कोहली ने कहा था कि बुमराह और भुवनेश्वर को रेस्ट देना चाहिए। इसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद की टीम मैनेजमेंट ने कहा था कि वह समय-समय पर भुवनेश्वर को रेस्ट देते रहेंगे।


 

Tags:    

Similar News