भारतीय महिला टीम को न्यूजीलैंड के हाथों मिली हार, मंधाना की फास्टेस्ट फिफ्टी
भारतीय महिला टीम को न्यूजीलैंड के हाथों मिली हार, मंधाना की फास्टेस्ट फिफ्टी
- 160 रन का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 19.1 ओवर में 136 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
- भारत के लिए स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने 34 गेंद पर 58 रन बनाए।
- भारतीय महिला टीम को भी न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी-20 मैच में हार का मुंह देखना पड़ा।
डिजिटल डेस्क, वेलिंगटन। भारतीय पुरुष टीम के बाद भारतीय महिला टीम को भी न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी-20 मैच में हार का मुंह देखना पड़ा। 160 रन का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 19.1 ओवर में 136 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत के लिए स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने 34 गेंद पर 58 रन बनाए। इसी के साथ ही वह सबसे तेज अर्धशतक बनाने वाली भारतीय महिला क्रिकेटर बन गई हैं। इसके लिए उन्होंने अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
न्यूजीलैंड महिला टीम ने बनाए 159 रन
भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। राधा यादव ने कप्तान के इस फैसले को सही साबित करते हुए न्यूजीलैंड की दिग्गज बल्लेबाज सूजी बेट्स (7) को 11 रन के स्कोर पर चलता किया। इसके बाद ओपनर सोफी डिवाइन ने सधी हुई बल्लेबाजी करते हुए 48 गेंदों में 62 रन बनाए। सोफी ने अपनी पारी में 6 चौके और 2 छक्के लगाए और अरुंधती रेड्डी की गेंद पर आउट हुईं। इसके बाद कैटलिन गर्रे (15) और कप्तान एमी सैटर्थवेट (33) ने भी उपयोगी पारी खेली। अंतिम ओवरों में केटी मार्टिन और फ्रांसेस मैके की जोड़ी ने जल्दी रन बंटोरे और 159 रन का स्कोर खड़ा किया। भारत के लिए अरुंधती रेड्डी, राधा यादव, दीप्ति शर्मा और पूनम यादव ने 1-1 विकेट लिए।
मंधाना की फास्टेस्ट 50
160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। ओपनर प्रिया पुनिया सस्ते में आउट होकर पवेलियन लौट गईं। इसके बाद स्मृति मंधाना और जेमी रॉड्रिगेज ने दूसरे विकेट के लिए 98 रनों की साझेदारी की। इस दौरान मंधाना ने अपने भारतीय महिला क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक मारने वाली बल्लेबाज बनीं। उन्होंने 24 गेंदों पर 50 रन पूरे किए। मंधाना ने इंग्लैंड के खिलाफ 25 गेंदों में बनाए अर्धशतक के अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ते हुए यह कारनामा किया। टी-20 में सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के ही सोफी डिवाइन के नाम है, जिन्होंने 18 गेंदों पर 50 रन बनाए थे।
मंधाना 102 के कुल स्कोर पर अमेलिया केर की गेंद पर आउट हुईं। उन्होंने अपनी 58 रन की पारी में कुल 7 चौके और 3 छक्के लगाए। इसके एक रन बाद जेमी रॉड्रिगेज (39 रन, 33 गेंद) भी चलती बनीं। इन दोनों के आउट होते ही पूरी टीम ढह गई। भारत ने अपने अंतिम 9 विकेट केवल 34 रन बनाकर खो दिए। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 17 रन बनाए। 8 बल्लेबाज तो दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। इसी के साथ न्यूजीलैंड की टीम ने भारत को 23 रन से हरा दिया। न्यूजीलैंड के लिए ली ताहूहू ने तीन, जबकि लेह कास्पेरेक और अमेलिया केर ने 2-2 विकेट लिए। इस हार के साथ भारत तीन मैचों की टी-20 सीरीज में 1-0 से पीछे हो चुकी है। सीरीज में बने रहने के लिए भारत को किसी भी कीमत पर अगला मैच जीतना होगा।