10 साल बाद यूपी से पकड़ा गया हत्या का आरोपी, भिवंडी में किया था पत्नी का मर्डर

10 साल बाद यूपी से पकड़ा गया हत्या का आरोपी, भिवंडी में किया था पत्नी का मर्डर

Bhaskar Hindi
Update: 2018-03-31 19:13 GMT
10 साल बाद यूपी से पकड़ा गया हत्या का आरोपी, भिवंडी में किया था पत्नी का मर्डर

डिजिटल डेस्क, मुंबई। चरित्र पर संदेह के चलते पत्नी की गला घोटकर हत्या करने वाले पति को ठाणे पुलिस ने वारदात के दस साल बाद उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार किया है। भिवंडी के नरपोली पुलिस ने आरोपी निरंकार सिंह के खिलाफ पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर भारतीय दंड संहिता की धारा 302 व 201 के तहत मामला दर्ज किया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार आंन्ती उर्फ शांति की टावेल से गला घोटकर हत्या की गई थी।

पुलिस ने पहले आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया था, लेकिन पोस्टमार्ट रिपोर्ट से मिले निष्कर्ष के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। शुरुआत में पुलिस आरोपी सिंह को पकड़ने के लिए उत्तर प्रदेश के आंबेडकरनगर जिले के अकबरपुर तहसील के अंतर्गत आनेवाले करमपुर गांव में दो बार गई थी पर पुलिस को आरोपी सिंह को पकड़ने में सफलता नहीं मिली थी। वह दोनों बार पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। इस दौरान ठाणे पुलिस की अपराध शाखा ने मामले की समानांतर जांच जारी रखी। इस बीच पुलिस निरीक्षक संजय दलवी को 29 मार्च 2018 को सिंह के गांव में होने की जानकारी मिली।

जानकारी के आधार पर आरोपी को पकड़ने के लिए ठाणे पुलिस आयुक्त परमवीर सिंह मार्गदर्शन में एक टीम बनाई गई। जिसने उत्तरप्रदेश पुलिस की मदद से आरोपी सिंह को शनिवार को उसके मूलगांव करमपुर से गिरफ्तार कर लिया।

Tags:    

Similar News