18 दिवसीय खासदार सांस्कृतिक महोत्सव का शुभारंभ,राम-लखन की जोड़ी ने मचाई धूम

18 दिवसीय खासदार सांस्कृतिक महोत्सव का शुभारंभ,राम-लखन की जोड़ी ने मचाई धूम

Anita Peddulwar
Update: 2018-12-01 07:52 GMT
18 दिवसीय खासदार सांस्कृतिक महोत्सव का शुभारंभ,राम-लखन की जोड़ी ने मचाई धूम

डिजिटल डेस्क, नागपुर। अनिल कपूर और जैकी श्रॉफ का जैसे की स्टेज में आगमन हुआ, परिसर "मेरे रस्के कंवर, तूने पहली नजर यूं नजर से मिलाई' गाने से गूंज उठा। अपने प्रिय अभिनेताओं को देखने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। कोई उनके साथ सेल्फी लेना चाहता था, तो कोई राम-लखन की जोड़ी से हाथ मिलाना चाहता था। "भिड़ू' भी बड़े ही सहज अंदाज में दर्शकों को मनोरंजित कर रहे थे। अनिल कपूर और जैकी श्रॉफ ने दोनों की दोस्ती के बारे में बताया। मौका था खासदार सांस्कृतिक महोत्सव का।

केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी की संकल्पना से  संतरानगरी में खासदार सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन  हनुमान नगर स्थित ईश्वर देशमुख शारीरिक महाविद्यालय में किया गया। उद्घाटन अनिल कपूर और जैकी श्रॉफ ने किया।  इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी ने दोनों अभिनेताओं का स्वागत किया। इस दौरान उन्हें चांदी की चेन उपहार के तौर पर दी गई। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि सर्वांगीण विकास करना ही हमारा उद्देश्य है। अनिल कपूर और जैकी श्रॉफ के बारे में कहा कि दोनों ही अभिनेता तो अच्छे हैं ही, साथ ही बहुत बढ़िया इंसान भी हैं। 

नए-पुराने गानों ने बांधा समां
यादों का कारवां ऐसा चला कि सभी दर्शक उसमें मशगूल हो गए। स्टेज पर आर्केस्ट्रा पर अनिल कपूर और जैकी श्रॉफ की फिल्मों के अलावा नई फिल्मों के गानों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। गायक और वादक कलाकारों की प्रस्तुियों ने अनिल कपूर और जैकी श्रॉफ को न सिर्फ गुनागुनाते, बल्कि थिरकने पर भी मजबूर किया।

जैकी श्राफ और अनिल कपूर फिर करेंगे एक साथ फिल्म
परिसर में बैठे दर्शक अपने प्रिय अभिनेताओ से जुड़ी बातों को सुनने के लिए आतुर थे। कार्यक्रम के दौरान आरजे गौरव द्वारा दोनों अभिनेताओं से कुछ सवाल पूछे गए। जैसे ही माइक जैकी श्रॉफ को दिया गया, तो उनके मुंह से "भिड़ू' सुनकर दर्शक वन्स मोर कहने लगे और अनिल कपूर ने "जय महाराष्ट्र' और "जय भारत' के जयकारे लगाए। अनिल कपूर ने कहा हिन्दुस्तान जैसा कोई दूसरा देश नहीं है। यहां पर हर रिश्ता अहम है। आज भी जब मैं जैकी श्रॉफ से मिलता हूं, तो मेरी आंखों में आंसू आ जाते हैं। हमारी दोस्ती 40 वर्ष पुरानी है। 2019 में हम दोनों साथ में फिल्म करेंगे। जैकी श्रॉफ  ने कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित रखने के लिए हर व्यक्ति काे पौधारोपण करना चाहिए।

इनकी रही उपस्थिति
पलकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, राज्यसभा सांसद डॉ. विकास महात्मे, पूर्व सांसद अजय संचेती, दत्ता मेघे, गिरीश गांधी, विधायक अनिल सोले, भाजपा शहर अध्यक्ष विधायक सुधाकर कोहले, विधानसभा प्रतोद सुधाकर देशमुख, विधायक नागो गाणार, गिरीश व्यास, कृष्णा खोपड़े, विकास कुंभारे, मिलिंद माने, कांचन गडकरी, महापौर नंदा जिचकार तथा महानगर पालिका के सभी पदाधिकारी एवं नगरसेवक उपस्थित थे। आयोजन समिति के जयप्रकाश गुप्ता, राजेश बागड़ी, हाजी अब्दुल कादिर, रेणुका देशकर, आशीष वांदिले, पिंटू कायरकर, संजय गुलकरी, बाल कुलकर्णी आदि की मौजूदगी रही। 
 

Similar News