बाइक सवार बदमाशों ने घेरकर फायरिंग की और लूट लिए 20 लाख

बाइक सवार बदमाशों ने घेरकर फायरिंग की और लूट लिए 20 लाख

Bhaskar Hindi
Update: 2018-04-25 07:56 GMT
बाइक सवार बदमाशों ने घेरकर फायरिंग की और लूट लिए 20 लाख

डिजिटल डेस्क, शहडोल। को-ऑपरेटिव बैंक कर्मचारियों के साथ  लूट की बड़ी घटना हो गई। जिला मुख्यालय शहडोल से कैश लेकर पपौंध जा रहे कर्मचारियों के बोलेरो वाहन को रास्ते में अज्ञात बाइक सवार लुटेरों ने रोका और अधाधुंध फायरिंग करने लगे। दो गोली चालक को लगी। इसके बाद 20 लाख की रकम लूट कर फरार हो गए। जिले में इतनी बड़ी रकम लूटने की यह पहली घटना है। आरोपियों को पकडऩे के लिए पुलिस ने नाकेबंदी कर दी है। आईजी व एसपी सहित पुलिस के आला अधिकारी स्थल के देर शाम रवाना हो चुके थे।


जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र पपौंध के कुआं स्थित कोआपरेटिव बैंक के प्रबंधक जयराम प्रसाद त्रिपाठी अपने साथी अशोक त्रिपाठी व एक अन्य के साथ शहडोल से बैंक के बोलेरो वाहन से रकम लेकर पपौंध जा रहे थे। वे जैसे ही मुड़चौर घाट के पास पहुंचे दो बाइक सवारों ने ओवर टेक करते हुए वाहन को रुकवाया। वाहन के रुकते ही फायरिंग शुरु कर दी। वाहन चला रहे राधेश्याम जायसवाल के गंधे व दाहिने हाथ में गोली लगी। बाइक पर सवार दो-तीन अन्य लोग वाहन के पीछे थे। इसके बाद वाहन में रुपयों से भरा बैग छीनकर भाग निकले। बैग में कितना रुपया था, इसकी पुष्टि नहीं हुई लेकिन बताया जा रहा है कि २० लाख थे। घटना की सूचना स्थानीय थाने को दी गई। थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। घायल चालक के दाहिने हाथ में गोली फंसी है, जिसे स्थानीय चिकित्सालय में उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रीवा रेफर कर दिया गया है।


पुलिस को नहीं थी सूचना
बताया गया है कि इतनी बड़ी रकम ले जाने के पूर्व पुलिस को सूचना नहीं दी गई थी। जबकि नियमानुसार कैश लाने-जाने के लिए पुलिस सुरक्षा जरूरी होता है। इतनी बड़ी लापरवाही क्यों की गई, यह भी जांच का विषय है।
बैंक कर्मचारियों के साथ लूट की घटना की जानकारी लगते ही आईजी आईपी कुलश्रेष्ठ तथा एसपी सुशांत सक्सेना घटना स्थल के लिए रवाना हो गये। इ इसके पूर्व संभागीय मुख्यालय से एएसपी शिव कुमार वर्मा को रवाना कर दिया गया था। शाम ८.३० बजे तक लुटेरों के बारे में पता नहीं चल सका था। गिरफ्तारी के लिए इलाके की नाकेबंदी कर दी गई है।


शीघ्र पकड़े जाएंगे लुटेरे
 चालक को गोली मारकर लूट की घटना को अंजाम दिया गया है। क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी गई है। आईजी के साथ मैंने भी स्थल का मुआयना किया है, लुटेरों को शीघ्र ही पकडऩे का प्रयास किया जा रहा है।
सुशांत सक्सेना पुलिस अधीक्षक, शहडोल

Similar News