कर्फ्यू का उल्लंघन करने वाले 2475 आरोपी गिरफ्तार

कर्फ्यू का उल्लंघन करने वाले 2475 आरोपी गिरफ्तार

Anita Peddulwar
Update: 2020-04-08 15:40 GMT
कर्फ्यू का उल्लंघन करने वाले 2475 आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महानगर में कर्फ्यू लागू होने के बाद से मुंबई पुलिस अब तक 3170 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर चुकी है। इनमें से 2475 आरोपियों को गिरफ्तारी के बाद जमानत पर रिहा कर दिया गया। मुंबई में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच पुलिस की सख्ती भी बढ़ती जा रही है और मंगलवार को सबसे ज्यादा 652 आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज करते हुए 517 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी साइबर पुलिस ने सख्ती दिखाई है और पिछले 24 घंटों में राज्य में 20 मामले दर्ज किए गए हैं। मुंबई पुलिस ने धारा 188 के तहत 20 मार्च से अब तक 1678 एफआईआर दर्ज कर चुकी है। इनमें सबसे ज्यादा 1067 मामले सार्वजनिक जगहों पर भीड़  के लिए दर्ज किए गए हैं। महानगर में मंगलवार को 347 मामले दर्ज किए गए जिनमें 517 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर सख्त
सोशल मीडिया के जरिए अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ राज्य में अब तक 132 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इन मामलों में 35 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है जबकि अन्य 28 की पहचान की जा चुकी है। सबसे ज्यादा 20 मामले मंगलवार को दर्ज किए गए। इनमें से 14 मामलों में आरोपियों ने कोरोना को धार्मिक रंग देने की कोशिश की थी जबकि छह मामलों में महामारी को लेकर अफवाह फैलाई गई थी। साइबर पुलिस के एसपी बालसिंह राजपूत ने बताया कि सबसे ज्यादा नौ मामले कोल्हापुर जिले में दर्ज किए गए हैं। इसके बाद जालना का नंबर आता है जहां पांच मामले दर्ज किए गए हैं। बुलढाणा में दो जबकि बीड, नासिक, अमरावती, उस्मानाबाद में एक एक मामले दर्ज हुए हैं। ज्यादातर फर्जी संदेश व्हाट्सएप, फेसबुक और ट्वीटर के जरिये भेजे गए। 

Tags:    

Similar News