34 हजार नहीं, 15 हजार करोड़ की कर्जमाफी, 33 लाख किसानों की पड़ताल में सरकार

34 हजार नहीं, 15 हजार करोड़ की कर्जमाफी, 33 लाख किसानों की पड़ताल में सरकार

Tejinder Singh
Update: 2018-06-06 14:26 GMT
34 हजार नहीं, 15 हजार करोड़ की कर्जमाफी, 33 लाख किसानों की पड़ताल में सरकार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विजय सिंह ‘कौशिक’। राज्य सरकार की किसान कर्जमाफी योजना के लाभ के लिए अभी 7 लाख किसान इंतजार कर रहे हैं। सहकारिता विभाग का कहना है कि इस महीने के अंत तक इन किसानों को भी कर्जमाफी का लाभ मिल जाएगा। फिलहाल के आकड़ों के अनुसार फडणवीस सरकार की तरफ से घोषित कर्जमाफी 34 हजार करोड़ नहीं बल्कि 15 हजार करोड़ रुपए की है। राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य के 89 लाख किसानों के 34 हजार करोड़ रुपए के कर्ज माफ करने की घोषणा की थी। सहकारिता विभाग के सूत्रों के अनुसार प्रत्यक्ष तौर पर अभी तक 49 लाख किसानों के लिए 15 हजार करोड़ रुपए की कर्जमाफी मंजूर की गई है।

राज्य के करीब 89 लाख कर्जदार किसानों की जानकारी बैंकों ने राज्य सरकार को दी थी। लेकिन प्रत्यक्ष तौर पर 56 लाख 59 हजार किसानों ने ही कर्जमाफी के लिए आवेदन किए। बाकी 33 लाख किसानों का आकड़ा बैंकों ने कैसे दिया, सरकार इसकी जांच कर रही है। बाद में सरकार ने कर्जमाफी का दायरा बढा कर 2009 तक कर दिया था। इसके बाद मुख्यमंत्री ने 1 अप्रैल 2001 से 31 मार्च 2009 के दौरान कर्जदार लेकिन 2008 और 2009 की कर्जमाफी का लाभ न पाने वाले किसानों को भी इस योजना में शामिल करने का फैसला लिया था।

साथ ही 2001 से 2016 के दौरान इमूपालन, शेडनेट और पॉलिहाऊस के लिए कर्ज लेने वाले किसानों को भी लाभ देने का निर्णय लिया गया था। इस बीच सरकार ने कर्जमाफी आवेदन के लिए अवधि 15 जून तक बढ़ा दी है। इसके साथ ही वन टाईम सेटलमेंट योजना की अवधि भी 30 जून 2018 तक बढ़ाई गई है। इससे करीब डेढ़ लाख लाभार्थी किसानों की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। फिलहाल आवेदन करने वाले कर्जमाफी के पात्र 7 लाख किसानों को अभी तक कर्जमाफी का लाभ नहीं मिल सका है। सहकार विभाग के अधिकारियों का दावा है कि जून के अंत तक इन्हें भी कर्जमाफी मिल जाएगी। 

 

Similar News