गोंदिया जिले के 29 हजार किसानों को 50 हजार रु. अनुदान

नियमित कर्ज अदा करने वालों को मिलेगा लाभ गोंदिया जिले के 29 हजार किसानों को 50 हजार रु. अनुदान

Anita Peddulwar
Update: 2022-06-10 11:48 GMT
गोंदिया जिले के 29 हजार किसानों को 50 हजार रु. अनुदान

डिजिटल डेस्क, गोंदिया । जिन किसानों ने नियमित कर्ज भरकर कर्जमुक्त हुए ऐसे किसानों को 50 हजार रूपए अनुदान देने की घोषणा पिछले वर्ष से चल रही थी, लेकिन अमल में नहीं लाया जा रहा था। उपमुख्यमंत्री अजित पवार द्वारा 8 जून को जानकारी दी गई कि नियमित कर्ज अदा करने वाले कर्जमुक्त किसानों को 50 हजार रूपए का अनुदान दिया जाएगा। घाेषणा होते ही कर्जमुक्त किसानों में हर्ष की लहर छा गई। जिले के ऐसे 29 हजार किसान है, जिन्होंने नियमित कर्ज भरकर कर्ज मुक्त हुए हैं। इस घोषणा से अब उनमें आस जग गई है।  बता दें कि किसान फसल लगाने के लिए खेती के सातबारा पर जिला मध्यवर्ती बैंक तथा राष्ट्रीयकृत बैंकों से फसल कर्ज लेता है और इसी कर्ज की राशि से खरीफ और रबी फसल उगाता है।

फसल बेचने के बाद लिया हुआ कर्ज अदा किया जाता है। लेकिन प्राकृतिक आपदा के चलते फसलों को नुकसान पहुंचने के कारण फसल नष्ट हो जाती है। जिस कारण कर्ज की राशि किसान अदा करने में असमर्थ हो जाता है। लेकिन ऐसे भी कुछ किसान होते है। जो नियमित कर्ज अदा कर शासन व बैंक को सहयोग करते है। कर्ज मुक्ति का लाभ नियमित कर्ज अदा करने वालों को नहीं मिलता। जिससे वे नाराज भी हो जाते है। लेकिन राज्य सरकार ने पिछले वर्ष घाेषणा की थी कि नियमित कर्ज अदा करने वाले किसानोें को 50 हजार रूपए अनुदान दिया जाएगा। लेकिन इस पर अमल नहीं हो रहा था। आखिरकार राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार द्वारा 8 जून को जानकारी दी गई कि नियमित कर्ज अदा करने वाले किसानों को 50 हजार रूपए अनुदान की राशि दी जाएगी। घोषणा होते ही किसानों में हर्ष की लहर छा गई। जिले के 29 हजाार किसानों ने नियमित कर्ज अदा किया है। अब देखना यह है कि कितने किसानों को इस योजना का लाभ शासन द्वारा दिया जाता है। 
 

Tags:    

Similar News