मुंबई क्राइम ब्रांच के 6 और पुलिस कर्मी कोरोना संक्रमित, 1 की मौत

मुंबई क्राइम ब्रांच के 6 और पुलिस कर्मी कोरोना संक्रमित, 1 की मौत

Anita Peddulwar
Update: 2020-06-20 14:18 GMT
मुंबई क्राइम ब्रांच के 6 और पुलिस कर्मी कोरोना संक्रमित, 1 की मौत

डिजिटल डेस्क,मुंबई । मुंबई में शनिवार को 56 वर्षीय एक पुलिस हेड कॉन्स्टेबल की कोरोना के चलते मौत हो गई। मौत का शिकार हुए पुलिसकर्मी राजेंद्र शेलार का बॉम्बे अस्पताल में इलाज चल रहा था। जबकि दूसरी ओर मुंबई पुलिस की अपराध शाखा के 6  पुलिसकर्मी कोरोना बाधित पाए गए हैं। ये सभी अपराध शाखा के यूनिट नौ में कार्यरत थे। शुक्रवार को इन पुलिस कर्मियों के कोरोना बाधित होने की पुष्टि हुई हैं।

  श्री शेलार खुफिया विभाग में तैनात थे। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त सुनील कोल्हे के मुताबिक एसबी1 मे तैनात शेलार की उम्र 55 साल थी। इसलिए उन्हें ड्यूटी से छूट दी गई थी। वे डायबिटीज से पीड़ित थे और उनकी बायपास सर्जरी हो चुकी थी। राज्य भर में अब तक 3960 पुलिसकर्मी कोरोना बाधित पाए गए हैं। इसमें से 1667 लोग ठीक हो चुके हैं। जबकि 47 लोगों की मौत हो चुकी हैं। बाकी का इलाज चल रहा है। 

अमरावती जिले में फिर मिले 12 संक्रमित 
अमरावती जिले में प्रतिदिन कोरोना संक्रमितों की तादाद बढ़ती ही जा रही है। शनिवार 20 जून को फिर 12 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 406 पर पहुंच गई है। शनिवार को प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक  यशोदा नगर निवासी 75 वर्षीय पुरूष, हबीब नगर निवासी 40 वर्षीय पुरूष,  धामणगांव रेलवे निवासी 43 वर्षीय पुरूष, लोणी टाकली निवासी11 वर्षीय बालिका और 7वर्षीय बालक, चमन नगर निवासी 40 वर्षीय पुरूष, गोपाल नगर (माया नगर) निवासी25 वर्षीय महिला, इसी क्षेत्र का 60 वर्षीय पुरूष, भाजी बाजार निवासी २७ वर्षीय युवक, साबनपुरा निवासी 25 वर्षीय युवक, वलगांव निवासी 24 वर्षीय महिला, राजापेठ निवासी 60 वर्षीय पुरूष की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। 

भंडारा में मिले चार और पॉजिटिव  
भंडारा जिले में शनिवार 20 जून को और चार लोग पॉजिटिव पाए गए हैं जिससे ंसंक्रमितों की संख्या 71 से बढ़कर 75 पर पहुंच गई है। आज पाए गए संक्रमितों में लाखनी तहसील के दो, तुमसर के एक और पवनी तहसील के एक व्यक्ति का समावेश है। लाखनी में मिले संक्रमित बिहार से लौटे हैं और स्थानीय जेएमसी कंन्स्ट्रक्शन कंपनी में कार्यरत हैं जबकि तुमसर और पवनी में मिले मरीज मुंबई से लौटे हैं। 
 

यवतमाल में एक और हुआ संक्रमण का शिकार  
यवतमाल  शहर में शनिवार 20 जून को एक और संक्रमित मिला है। शहर के नए इलाके में मरीज मिलने से प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।  शहर के गुरुदेव नगर क्षेत्र का यह मरीज बापट चौक पर स्थित अस्पताल में पिछले १५ दिन से उपचाररत था। लेकिन स्वास्थ्य में सुधार न होने पर उसे जिला सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया जहां उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आयी। इस मरीज के साथ जिले में संक्रमितों की संख्या 215 पर पहुंच गई है जिनमें से 52 सक्रिय मरीज हैं। 
 
गड़चिरोली जिले में एक ही दिन मिले 6 मरीज   
गड़चिरोली  में एक ही दिन में जिले में एसआरपीएफ जवान समेत 6 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें गड़चिरोली शहर के 1 और देसाईगंज तहसील के 5 लोगों का समावेश है। शनिवार 20 जून को मिले नये मरीजों के बाद जिले में संक्रमितों की संख्या 60 पर पहुंच गई है। देसाईगंज में एसआरपीएफ की टुकड़ी तैनात है। इनमें से ही एक जवान संक्रमित पाया गया है। साथ ही दिल्ली से देसाईगंज आए 52 वर्षिय व्यक्ति और उसकी 17 वर्षीय पुत्री, नागपुर से अलग-अलग दिन देसाईगंज आयीं दो महिलाएं संक्रमण का शिकार हुई हैं। इनके अलावा गड़चिरोली से इलाज के लिए नागपुर ले जाए गए 58 वर्षीय पुरूष की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आयी है। पहले गड़चिरोली के एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। 
 

Tags:    

Similar News