अंतिम संस्कार में गए 70 लोग उफनते नाले के तेज बहाव में फंसे, देर रात चला रेस्क्यू

अंतिम संस्कार में गए 70 लोग उफनते नाले के तेज बहाव में फंसे, देर रात चला रेस्क्यू

Bhaskar Hindi
Update: 2018-09-09 12:58 GMT
अंतिम संस्कार में गए 70 लोग उफनते नाले के तेज बहाव में फंसे, देर रात चला रेस्क्यू

डिजिटल डेस्क, सतना। अंतिम संस्कार में शामिल होने गए 70 लोग उफनाते नाले के पानी के तेज बहाव में फंस गए। सभी लोग पानी कम होने का इंतजार करते रहे मगर पानी था कि कम होने का नाम ही नहीं ले रहा था। करीब 6 घंटा टीले में बैठे रहने के बाद प्रशासन ने उन्हें रेस्क्यू किया और सभी 70 लोग सुरक्षित निकाल लिए गए। जानकारी लगने के बाद पुलिस और मैहर सीमेंट के वर्करों ने रस्सियों की मदद से बाहर निकाला।

कैसे फंसे पानी में
दरअसल, मैहर सीमेंट में कार्यरत सुभाष राय का बीमारी के चलते देहांत हो गया। फैक्ट्री में कार्यरत भारतीय मजदूर संघ के करीब 70 वर्कर दोपहर साढ़े 3 बजे के लगभग दो किलोमीटर दूर बाजी नाला के उस पार उनके अंतिम संस्कार के लिए एकत्रित हुए। वर्करों ने जिस वक्त नाला पार किया उस समय नाले में पानी कम था मगर थोड़ी देर में नाला में पानी बेहिसाब आ गया। सभी 70 वर्कर्स नजदीक बने टीले के ऊपर चढ़ गए और पानी कम होने का इंतजार करने लगे।

हरकत में आया प्रशासन
वर्कर्स ने भारतीय मजदूर संघ के विभाग प्रमुख राजपाल शर्मा को मोबाइल पर अपने बाढ़ के बीच फंसे होने की जानकारी दी। श्री शर्मा ने कलेक्टर मुकेश शुक्ला को इस बात की जानकारी दी और सभी कर्मचारियों का रेस्क्यू करने की गुहार लगाई। कलेक्टर ने मदद का पूरा भरोसा दिया। उन्होंने इस संबंध में एसडीएम जीपी अग्रवाल को रेस्क्यू करने के निर्देश दिए। इधर, फैक्ट्री प्रबंधन ने भी पुलिस को सूचना दे दी।

वाहनों की रोशनी, रस्से के सहारे निकाले गए
मैहर टीआई अशोक पाण्डेय आधा दर्जन पुलिस कर्मियों के साथ बाजी नाला पहुंच गए जबकि इधर से फैक्ट्री प्रबंधन ने अपनी आपदा प्रबंधन की टीम के करीब दर्जन भर कर्मचारियों को मौके के लिए रवाना कर दिया। चूंकि नाला के आसपास बेहद अंधेरा था लिहाजा फैक्ट्री के वाहनों से रोशनी की गई। फैक्ट्री के कर्मचारियों ने उन तक रस्सी पहुंचाई। सभी को रस्सी में फंसाने के लिए बेल्ट के टुकड़े मुहैया कराए गए। साढ़े 4 घंटे की मशक्कत के बाद रात साढ़े 9 बजे सभी 70 लोगों को उफनाते नाले से बाहर निकाल लिया गया। इस बीच रपटा में एक ट्रैक्टर भी तेज बहाव में बहने लगा जिसमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे सवार थे, इन्हें भी रेस्क्यू किया गया।

 

Similar News