क्राइम ब्रांच के 8 कर्मियों का तबादला , 5 को मिला मौका
क्राइम ब्रांच के 8 कर्मियों का तबादला , 5 को मिला मौका
डिजिटल डेस्क, नागपुर। क्राइम ब्रांच में कार्यरत 8 पुलिसकर्मियों का तबादला कर दिया गया है। इनकी जगह थाने के 5 कर्मचारियों को कार्य करने का मौका मिला है। क्राइम ब्रांच से इसके पहले कई रिपीटर्स को अधिकारियों ने हटा दिया था।
इन्हें भेजा शहर के बाहर
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अपराध शाखा पुलिस विभाग के सहायक पुलिस उप-निरीक्षक विजय राऊत, हवलदार प्रदीप भानसे, सतीश मेश्राम, नरेश सहारे, राजकुमार शर्मा, आशीष बहाल, सतीश ठाकुर और सचिन सेलोकर का बुधवार को क्राइम ब्रांच से शहर के अलग-अलग थानों में तबादला कर दिया गया।
काम से अधिकारी संतुष्ट नहीं थे
इन पुलिस कर्मियों के परफॉरमेंस को लेकर अधिकारी संतुष्ट नहीं थे। अधिकारियों ने इन्हें कई बार कार्य सुधारने का अवसर दिया, लेकिन यह अपने कार्य में औसत सुधार नहीं ला सके, जिसके चलते इन सभी का तबादला कर दिया गया है। इनमें से कुछ कर्मचारियों का कार्यकाल काफी चर्चित रहा है। कुछ लोग बस वसूली और टाइमपास कर रहे थे। यह बात विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के ध्यान में आते ही उनका तबादला कर दिया गया।
इन्हें मिला मौका
इसी तरह क्राइम ब्रांच में कई रिपीटर्स को भी पुलिस उपायुक्त गजानन राजमानेे ने पदभार संभालते ही हटा दिया था। बाद में उन लोगों ने काफी प्रयास किया, लेकिन उनका प्रयास असफल रहा। उक्त पुलिसकर्मियों का तबादला किए जाने पर उनकी जगह पर जरीपटका थाने के हवलदार गजेंद्रसिंह ठाकुर, धंतोली के नायब सिपाही पंकज हेड़ाऊ, लकड़गंज थाने के सिपाही नितीन वासने, पुलिस मुख्यालय के सिपाही सहदेव चिखले और गिट्टीखदान थाने के सिपाही दीपक लाकड़े को क्राइम ब्रांच में कार्य करने का मौका दिया गया है।
डीबी स्क्वॉड में परफॉरमेंस पर नजर
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शहर के हर थाने में दो डीबी स्क्वॉड टीम कार्य कर रही हैं। थानों के डीबी स्क्वॉड में कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों का परफॉरमेंस अब देखा जाएगा, जिनका कार्य संतोषजनक नहीं होगा, उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। क्राइम ब्रांच में जिन कर्मचारियों का कार्य अच्छा नहीं था, उनका तबादला होने पर अब शहर के थानों के डीबी स्क्वॉड के अधिकारी-कर्मचारी अपनी परफॉरमेंस को लेकर काफी सतर्क नजर आ रहे हैं।