उत्तरकाशी: गहरी खाई में गिरी वैन, 13 लोगों की मौत, 2 घायल

उत्तरकाशी: गहरी खाई में गिरी वैन, 13 लोगों की मौत, 2 घायल

Bhaskar Hindi
Update: 2018-09-03 12:35 GMT
उत्तरकाशी: गहरी खाई में गिरी वैन, 13 लोगों की मौत, 2 घायल

डिजिटल डेस्क, देहरादून। उत्तरकाशी से करीब 40 किलोमीटर दूर भटवाड़ी के पास वैन गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 13 लोगों की मौत की खबर है। वहीं 2 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये सभी भंकोली गांव के निवासी थे, जो रविवार को देवता की डोली लेकर गंगोत्री गए थे। सोमवार सुबह पूजा करने के बाद वे वापस अपने घर लौट रहे थे तभी ये हादसा हुआ। हादसे की वजह लैंडस्लाइड को बताया जा रहा है।

उत्तरकाशी के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भटवाडी से आठ किलोमीटर आगे शंगलाई में ये हादसा हुआ। पटवाल ने बताया कि वैन करीब 15 यात्रियों को लेकर गंगोत्री से लौट रही थी। रास्ते में लैंडस्लाइड के मलबे के कारण चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और वाहन नीचे खाई में जा गिरा। उन्होंने बताया कि जिस जगह ये हादसा हुआ वहां पर भागीरथी नदी बह रही है जो बारिश से उफनाई हुई है लेकिन वाहन नदी तक पहुंचने से पहले ही खाई में रुक गई।

 

Similar News