नागपुर मनपा के ईटीपी वॉटर प्लांट से गई मासूम की जान

नागपुर मनपा के ईटीपी वॉटर प्लांट से गई मासूम की जान

Bhaskar Hindi
Update: 2020-10-18 13:12 GMT
नागपुर मनपा के ईटीपी वॉटर प्लांट से गई मासूम की जान

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मनपा द्वारा वांजरी में ईटीपी वॉटर प्लांट बनाया गया है। इस प्लांट की वजह से पीली नदी के जलस्तर में इजाफा हो गया है। पीली नदी पर बने अस्थायी पुल से जा रही बच्ची मुस्कान अंसारी दो दिन पहले फिसलकर गिर गई, जिसमें उसकी मौत हो गई है। घटना को लेकर  स्थानीय नागरिकों में रोष है।  इसके लिए लोग नागपुर महानगरपालिका को जिम्मेदार मान रहे हैं। इसे लेकर शनिवार को क्षेत्र में आंदोलन कर मुस्कान के परिवार को मुआवजा देने की मांग की गई। शहर युवक कांग्रेस उपाध्यक्ष इरशाद शेख के नेतृत्व में किए गए आंदोलन में बड़ी संख्या में क्षेत्र के नागरिक और बच्चे शामिल हुए। 

मच्छरों का प्रकोप बढ़ा : इरशाद शेख ने बताया कि पीडब्ल्यूडी द्वारा पुलिया पर बांध बनाने का काम चालू है, जिससे मुस्कान अस्थायी पुल से गुजर रही थी। अचानक पैर फिसलने से वह गिर पड़ी और पानी में बहने से उसकी मौत हो गई। शेख ने बताया कि मनपा ने बिना सर्वे ईटीपी वॉटर प्लांट बनाया है। इससे नाले के पानी का स्तर बढ़ गया है। पहले घुटने तक पानी रहता था। ईटीपी पॉवर प्लांट की वजह से पानी 15 से 20 फीट तक आ गया है। क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। जिससे क्षेत्र में डेंगू, मलेरिया और अन्य बीमारियां पैर पसार रही हैं। बच्ची की मृत्यु से क्षेत्र में रोष है। 

प्लांट बंद करने की मांग
नागरिकों ने प्लांट को बंद करने की मांग की है। इरशाद शेख ने कहा कि प्रशासन पीड़ित परिवार को तत्काल मुआवजा दे। भविष्य की घटनाओं को टालने के लिए वांजरी से प्लांट को स्थानांतरित किया जाए। आंदोलन में शेख अल्ताब, गोकुल धकाते, कलीम अंसारी, उस्मान अंसारी, जफर खान, आबिद अंसारी, जाहिर अंसारी, यूसुफ खान, मो.फहीम, शेख यूसुफ, जाफर खान आदि उपस्थित थे।

Tags:    

Similar News