राफेल एक महाघोटाला है, मैं सरकार के विरोध में कोर्ट जाऊंगा : AAP सांसद

राफेल एक महाघोटाला है, मैं सरकार के विरोध में कोर्ट जाऊंगा : AAP सांसद

Anita Peddulwar
Update: 2018-09-22 10:35 GMT
राफेल एक महाघोटाला है, मैं सरकार के विरोध में कोर्ट जाऊंगा : AAP सांसद

डिजिटल डेस्क, नागपुर। आम आदमी पार्टी के नेता व राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने राफेल विमान सौदा प्रकरण में कमीशनबाजी का आरोप दोहराते हुए कहा है कि अब यह प्रकरण महाघोटाला साबित हो चुका है। पहले महाराष्ट्र में आकर ही सौदे में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था तो सरकार ने 5000 करोड़ की मानहानि का नोटिस थमा दिया था। सरकार की ओर से दबाव की नीति अपनायी गई। अब महाघोटाले के सारे प्रमाण व बयान लेकर न्यायालय में जाकर सरकार से जवाब मांगेंगे। श्री सिंह शनिवार को रविभवन में प्रेस कांफ्रेंस में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि राफेल सौदा प्रकरण में फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति के बयान ने सब कुछ साफ कर दिया है। मोदी सरकार ने ही अंबानी समूह को राफेल का ठेका दिलाया । अंबानी की 12 दिन पुरानी कंपनी को लाभ पहुंचाने के लिए 78 वर्ष पुरानी एचएएल कंपनी को नजरअंदाज किया गया। बोफोर्स घोटाले में तो केवल 64 करोड़ के भ्रष्टाचार का आरोप था। राफेल में 36 हजार करोड का भ्रष्टाचार हुआ है।

सरकार ने साफ करना चाहिए कि इस कमीशनबाजी का लाभ भाजपा को मिला या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अथवा उद्यमी अनिल अंबानी ने कमीशन खाया। इस प्रकरण की जांच के लिए सर्वदलीय प्रतिनिधियों की संयुक्त संसदीय कमेटी बनाना चाहिए। श्री सिंह ने यह भी कहा कि विजय माल्या, मेहुल चौकसी व नीरव मोदी को करोड़ों लेकर विदेश जाने में सरकार की ओर से सहूलियत मिलती रही है। एक प्रश्न पर उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी लोकसभा की 80 से 90 सीटों पर लड़ने की तैयारी कर रही है। फिलहाल किसी के साथ गठबंधन नहीं किया गया है। लेकिन भाजपा को सत्ता में आने से रोकने के लिए वह अन्य दलों को स्थिति अनुसार सहयोग देने के लिए तैयार है। विपक्ष में कांग्रेस के नेतृत्व को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस सक्षमता नहीं दिखा रही है। कर्नाटक में जेडीएस के साथ कांग्रेस की राजनीति देखकर विपक्ष के दल सजग हैं। छत्तीसगढ़ व मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी कांग्रेस के बजाय अन्य दलों के साथ गठबंधन कर रही है। बसपा व अन्य दलों के गठबंधन का लाभ भाजपा को ही मिलेगा। श्री सिंह ने माना कि उनकी पार्टी में आंतरिक मतभेद की चुनौतियां उभरती रही है। लेकिन तमाम स्थितियों में पार्टी ने बेहतर काम किया है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार के नेतृत्व में वे सभी वादे पूरे किए जा रहे हैं जो चुनाव के समय किए गए थे। प्रेस काफ्रेंस में आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता प्रीति मेनन उपस्थित थी।

नागपुर से लड़ना तय नहीं

आम आदमी पार्टी ने फिलहाल नागपुर से लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी नहीं की है। संजयसिंह ने कहा कि देश में किस लोकसभा सीट से पार्टी उम्मीदवार उतारेगी यह 2-3 माह में तय होगा। जहां पार्टी की उचित लगेगा वहीं उम्मीदवार होगा। 

Similar News