नाबालिक के साथ गुजरात से फरार आरोपी गोवा से पकड़ाया, गुजरात में अब हालात सामान्य

नाबालिक के साथ गुजरात से फरार आरोपी गोवा से पकड़ाया, गुजरात में अब हालात सामान्य

Tejinder Singh
Update: 2018-10-10 12:37 GMT
नाबालिक के साथ गुजरात से फरार आरोपी गोवा से पकड़ाया, गुजरात में अब हालात सामान्य

डिजिटल डेस्क, मुंबई। गुजरात से नाबालिग लड़की को लेकर भागे एक आरोपी को ठाणे पुलिस ने गोवा से गिरफ्तार किया है। आरोपी लड़की को शादी का झांसा देकर उसके साथ फरार हुआ था। अभिभावकों की शिकायत पर तापी जिले स्थित व्यारा पुलिस स्टेशन में अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। इस घटना के बाद इलाके में काफी तनाव फैल गया था।मामले में फारूख गाडीवाला, उम्र 19 साल को गिरफ्तार किया गया है। नयनाबेन क्षीरसागर नाम की महिला ने अपनी 16 साल की बेटी के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। छानबीन में जुटी व्यारा पुलिस को जानकारी मिली थी कि आरोपी मुंबई या ठाणे में हो सकता है। लड़की और आरोपी के अलग-अलग समुदायों से होने के चलते मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया था और सामाजिक और राजनीतिक संगठन लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। नाराज लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए बंद का आयोजन भी किया था।

तापी के साथ-साथ आसपास के जिलों में भी घटना के बाद तनाव था। वहीं नाबालिग से बलात्कार के मामले में गुजरात उबल रहा था। उत्तर भारतियों पर हमले हो रहे थे। बड़ी संख्या में लोग राज्य से पलायन करने लगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए ठाणे पुलिस आयुक्त विवेक फणसलकर ने अगवा की गई लड़की को खोजने की जिम्मेदारी क्राइम ब्रांच को सौंपी थी।

लड़की को खोजने के लिए कई टीमें बनाईं गई थी। इस बीच सीनियर इंस्पेक्टर नितिन ठाकरे को जानकारी मिली कि आरोपी और लड़की गोवा में हैं। इसके बाद ठाणे पुलिस ने गुजरात पुलिस को भी मामले की जानकारी दी और संयुक्त कार्रवाई करते हुए पणजी इलाके से आरोपी को दबोच लिया। नाबालिग लड़की को भी आरोपी के चंगुल से बचा लिया गया। पुलिस निरीक्षक रणबीर बायस ने बताया कि आरोपी भी गुजरात की ही रहने वाला है। लड़की और आरोपी को गुजरात पुलिस के हवाले कर दिया गया है।    

उधर गुजरात में प्रशासन मुस्तैद हो गया। पुलिस ने फ्लैग मार्च कर लोगों के मन से डर दूर किया। जिसके बाद वहां पर प्रांतीय फिर से अपने काम में जुट गए हैं। शहरों में उत्तर भारतीयों की खाने-पीने की दुकानें, गोल गप्पे के स्टॉल फिर से शुरू हो गए हैं। किसी तरह की तकलीफ होने पर पुलिस को तुरंत फोन करने की अपील की जा रही है। इससे परप्रांतीयों के मन से डर निकालने का कोशिश हो रही है। 

Similar News