‘लालबाग के राजा’ के कार्यकर्ताओं के खिलाफ हो सकती है कार्रवाई

‘लालबाग के राजा’ के कार्यकर्ताओं के खिलाफ हो सकती है कार्रवाई

Tejinder Singh
Update: 2018-09-21 15:54 GMT
‘लालबाग के राजा’ के कार्यकर्ताओं के खिलाफ हो सकती है कार्रवाई

डिजिटल डेस्क, मुंबई। गणेशोत्सव बीतने के बाद मुंबई के सुप्रसिद्ध लालबाग के राजा गणेशोत्सव मंडल के खिलाफ पुलिस की गाज गिर सकती है। पुलिस लालबाग के राजा गणेशोत्सव मंडल के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार गणेश विसर्जन के बाद मंडल के कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि ‘लालबाग के राजा’ गणेश मंडल के कार्यकर्ताओं ने पिछले दिनों इलाके के डीसीपी अभिनास कुमार के साथ धक्कामुक्की की थी। यह सारी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। लालबाग के राजा गणेशोत्सव मंडल के कार्यकर्ताओं की श्रद्धालुओं और पुलिस के साथ विवाद कोई नई बात नहीं है लेकिन, इस बार डीसीपी के साथ हाथापाई होने का मामला तूल पकड़ लिया है। इस विवाद के बाद चैरिटी कमिश्नर शिवकुमार दिघे ने स्वयं लालबाग के राजा गणेशोत्सव में गए थे और मंडल के पदाधिकारियों को व्यवस्था ठीक करने का निर्देश दिया था।

गणपति विसर्जन में 50 हजार पुलिस जवान तैनात

मुंबई में गणपति विसर्जन के मौके पर 50 हजार पुलिस जवान तैनात किए जाएंगे। मुंबई पुलिस के प्रवक्ता मंजुनाथ शिंगे ने शुक्रवार को बताया कि गणेश विसर्जन में पुलिस जवान के अलावा एसआरपी, होमगार्ड, डॉग स्क्वाड. बम्ब स्क्वाड की अनेक टुकड़ियां जगह-जगह तैनात की जाएगी। मुंबई में गिरगांव चौपाटी, जुहू चौपाटी सहित कुल 162 स्थानों पर गणपति विसर्जन होगा। गणेशोत्सव के दौरान चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए 5 हजार अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इस दौरान डीजे बजाने वाले गणेशोत्सव मंडलों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

Similar News