नशे का आदी बुजुर्ग फांसी पर झूला, और भी हैं नागपुर की अहम वारदातें- जानिए

नशे का आदी बुजुर्ग फांसी पर झूला, और भी हैं नागपुर की अहम वारदातें- जानिए

Anita Peddulwar
Update: 2020-05-06 07:54 GMT
नशे का आदी बुजुर्ग फांसी पर झूला, और भी हैं नागपुर की अहम वारदातें- जानिए

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  एमआईडीसी थानांतर्गत एक बुजुर्ग की फांसी लगाने से मौत हो गई। घटना का कारण ज्ञात नहीं हुआ है, लेकिन बताया जा रहा है कि वह नशे का आदी था। आकस्मिक मृत्यु का प्रकरण दर्ज किया गया है। हिंगना रोड स्थित गजानन नगर निवासी पंजाब मनोहर सिंह (78) था। वह परिवार से अलग अकेला ही रहता था। सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात में सीलिंग फैन पर रस्सी बांधकर उसने फांसी लगा ली, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना का कारण ज्ञात नहीं हुआ है, लेकिन घटित प्रकरण को लेकर हुई पुलिस की पूछताछ में पुत्र सुमेंद्र सिंह ने बताया कि पंजाब सिंह नशे का आदी था। लॉकडाउन होने से उसे नशा करने के लिए नहीं मिल रहा था। इसके लिए वह तड़पता था। संदेह है कि इसी कारण से उसने आत्मघाती कदम उठाया है। प्रकरण दर्ज किया गया है।

 3 साल के मासूम की मौत
कलमना थानांतर्गत मासूम बालक की मौत हो गई, वह बीमार था। हालांकि घटना को लेकर संदेह भी व्यक्त किया जा रहा है। इस बीच आकस्मिक मृत्यु का प्रकरण दर्ज किया गया है। कामठी रोड आजरी-माजरी स्थित निमदेवी नगर निवासी मोहम्मद सुल्तान मोहम्मद सादिक (2) कुछ दिनों से बीमार था। सोमवार को अचानक उसकी तबीयत पहले से ज्यादा खराब हो गई। जिससे परिजन उसे मेयो अस्पताल ले गए, लेकिन अस्पताल जाने के पूर्व ही मासूम  ने दम तोड़ दिया। प्रकरण दर्ज किया गया है।

दूध विक्रेता पर हमला करने वाला गिरफ्तार
उमरेड के सोनझरी परिसर में दूध विक्रेता वासुदेव बुक्कावान पर हमला करने वाले आरोपी जगदीश शाहू को उमरेड पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार गजानन नगरी उमरेड निवासी वासुदेव रमेश बुक्कावान गत दिनों मोटरसाइकिल से दूध लेकर जा रहा था। इस बीच जगदीश शाहू ने उसे रोका और "मुझे पहचानता नहीं क्या"? बोलकर विवाद करने लगा। वासुदेव ने सोनझरी निवासी अपने मित्र अविनाश शेंद्रे को मौके पर बुलाया। अविनाश के समझाने के बावजूद उसने  वासुदेव की लात-घूंसों से पिटाई कर दी और मौके से फरार हो गया। फरियादी की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

एक और शख्स ने फांसी लगाकर दी जान
पांचपावली थानांतर्गत फांसी लगाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना का कारण ज्ञात नहीं हुआ, लेकिन घटना को लेकर संदेह भी व्यक्त किया जा रहा है। इस बीच प्रकरण को आकस्मिक मृत्यु के तौर पर दर्ज किया गया है। बुद्ध नगर निवासी सुरेश नामदेव अर्जापुर (50) नामक व्यक्ति निजी काम करता था। सोमवार की रात करीब साढ़े आठ बजे के दौरान किसी कारण के चलते सुरेश ने सीलिंग फैन पर चुन्नी बांधकर फांसी लगा ली, जिससे उसकी मौत हो गई। इस बीच मेयो अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसके मृत्यु की पुष्टि कर दी। प्रकरण दर्ज किया गया है, जांच जारी है।

Tags:    

Similar News