अमरनाथ यात्रा के लिए अब ग्रुप में भी होगा रजिस्ट्रेशन
अमरनाथ यात्रा के लिए अब ग्रुप में भी होगा रजिस्ट्रेशन
डिजिटल डेस्क, नागपुर। आगामी 28 जून से शुरू होने जा रही अमरनाथ यात्रा के लिए लोग अब ग्रुप (समूह) रजिस्ट्रेशन भी करा सकते हैं। इसके लिए अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने अंतिम तारीख 30 मई घोषित की है। यह रजिस्ट्रेशन कराने के लिए यात्रा फॉर्म भरकर रजिस्टर्ड डाक से भेजने होंगे। समूह रजिस्ट्रेशन में पांच या इससे अधिक संख्या होना जरूरी है। यह संख्या 200 तक भी हो सकती है। श्राइन बोर्ड के एडिशनल सीईओ भूपेंद्र कुमार के अनुसार बैंकों द्वारा समूह में रजिस्ट्रेशन नहीं किए जाते हैं। इस कारण एक ही परिवार के सदस्यों को अलग-अलग तारीखों में यात्रा परमिट मिलने से काफी परेशानी होती है। इसे ध्यान में रखते हुए ग्रुप रजिस्ट्रेशन किए जा रहे हैं, जिससे लोग समूह बनाकर एक ही तारीख में यात्रा कर सके।
700 पहलगाम और 750 बालटाल के लिए रजिस्ट्रेशन
जम्मू एंड कश्मीर बैंक की नागपुर शाखा के प्रबंधक राजेश पुरी ने बताया कि अब तक करीब 950 रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। इनमें 700 पहलगाम और 250 बालटाल मार्ग के लिए किए गए हैं। बैंक के अधिकारी अक्षय गुप्ता ने बताया कि ग्रुप रजिस्ट्रेशन के लिए प्रति व्यक्ति 50 रुपए शुल्क है। डाक खर्च अलग से देना होगा। समूह के लीडर को अपना नाम, पता व फोन नंबर लिखना होता है, जिसके पास यात्रा परमिट भेजा जाता है। फार्म के साथ आईडी की फोटोकॉपी भी संलग्न करना होती है। शहर में मेयो और मेडिकल के सिविल सर्जन और ग्रामीण क्षेत्र में मेडिकल अधीक्षक का मेडिकल सर्टिफिकेट लेना अनिवार्य है।
रजिस्ट्रेशन फार्म के साथ जमा करना होगी रसीद
सीईओ ने बताया कि यात्रा शुरू होने पर जम्मू व श्रीनगर में तत्काल रजिस्ट्रेशन सेंटर भी खोले जाएंगे। ये सेंटर 28 जून से अगस्त में यात्रा समापन होने तक चलते रहेंगे। तत्काल रजिस्ट्रेशन के लिए भी बैंक में ही शुल्क जमा कराकर उसकी रसीद रजिस्ट्रेशन फार्म के साथ जमा करना होगी। सीईओ के अनुसार वर्ष 2012 तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किए जाते थे। इसके बाद यह सिस्टम बंद कर दिया गया। अब अगले वर्ष से आनलाइन रजिस्ट्रेशन पुन: शुरू करने पर विचार किया जा रहा है।