सब्जी दुकान लगाने को लेकर दो गुटों में घमासान, 3 गंभीर

सब्जी दुकान लगाने को लेकर दो गुटों में घमासान, 3 गंभीर

Anita Peddulwar
Update: 2020-10-20 08:06 GMT
सब्जी दुकान लगाने को लेकर दो गुटों में घमासान, 3 गंभीर

डिजिटल डेस्क,नागपुर। हिंगना थाने के चंद कदम की दूरी पर  दिनदहाड़े घातक शस्त्रों से लैस दो गुटों में  संघर्ष हो गया। महिला और पुरुषों के दो गुट आपस में भिड़ गए। संघर्ष के दौरान दो लोगों की हत्या का प्रयास किया गया। घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य लोग मामूली घायल हुए।  संघर्ष सब्जी की दुकान लगाने को लेकर हुआ। प्रकरण दर्ज कर दोनों गुटों के आधा दर्जन से भी अधिक लोगों गिरफ्तार किया गया है। 

अफरा-तफरी मची
दिनदहाड़े भरे बाजार में हुए इस संघर्ष से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा। इस बारे में  सूचना मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आरोपी शफी, अख्तर, करीम, रहीम सहित आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य घायल आरोपी निजी अस्पताल में भर्ती हैं। 

लाठी और चाकू से किया गया हमला
हिंगना रायपुर निवासी कदीर जब्बार महाजन (39) वर्ष और उसका भतीजा रिजवान की हिंगना बाजार में सब्जी की दुकान है। घटना वाले दिन  सुबह साढ़े नौ बजे के दौरान आरोपी सब्जी विक्रेता शफी रहमतुल्ला कुरैशी, उसके भाई अख्तर कुरैशी, करीम कुरैशी और रहीम कुरैशी और उनकी पत्नियों ने रिजवान पर चाकू से हमला कर उसे जान से मारने का प्रयास किया, जबकि अख्तर कुरैशी (42) ने दर्ज शिकायत में कहा है कि, कदीर जब्बार महाजन, रिजवान बाबा महाजन, वहाद शेख, अरबाज वहाद शेख और ताजमत वहाद शेख ने जबरन उसकी सब्जी की दुकानें बंद करने का प्रयास किया। जब दुकान बंद करने से मना किया, तो अख्तर के भाई शफी, रहीम, करीम और पत्नी रेश्मा पर हमला बोल दिया। रहीम को जान से मारने का प्रयास किया गया। इस संघर्ष में दोनों गुटों के लोगों ने लाठी-काठी और चाकू का उपयोग किया।

लंबे समय से जारी है विवाद
दोनों गुटों के लोग बाजार में सब्जी की दुकानें लगाते हैं। दुकानों की जगह को लेकर उनमें लंबे समय से विवाद जारी है। कई बार उनका विवाद थाने भी पहुंचा है।

Tags:    

Similar News