टैक्स वसूली में गड़बड़ी, सहायक कर अधीक्षक समेत 6 कर्मचारी सस्पेंड

टैक्स वसूली में गड़बड़ी, सहायक कर अधीक्षक समेत 6 कर्मचारी सस्पेंड

Bhaskar Hindi
Update: 2018-09-06 16:54 GMT
टैक्स वसूली में गड़बड़ी, सहायक कर अधीक्षक समेत 6 कर्मचारी सस्पेंड

डिजिटल डेस्क, अकोला। अकोला महानगरपालिका की गाड़ी संपत्ति कर वसूली पर चल रही है, लेकिन कर वसूली उम्मीद के मुताबिक नहीं हो रही है। मैचिंग फंड के लिए भी मनपा निधि से राशि उपलब्ध नहीं हो पा ही है। इससे विकास कार्य प्रभावित  हो रहे है। इसी वजह से मनपा आयुक्त जितेंद्र वाघ ने आज कर विभाग के अधिकारी, कर्मचारियों की जायजा बैठक बुलाई, जिसमें कर वसूली में लापरवाही उजागर होने से उत्तर जोन के सहायक कर अधीक्षक समेत 6 कर्मचारियों को निलंबित करने के आदेश आयुक्त ने जारी किए। इस आदेश की वजह से कर विभाग समेत मनपा के अधिकारी, कर्मचारियों में हड़कम्प मच गया है। कार्रवाई के बाद कर वसूली विभाग और सक्रिय हो गया है, जिससे अनेक बकाया संपत्तिधारकों पर सील की कार्रवाई की गाज गिरना लगभग तय है।

अकोला मनपा क्षेत्र के चार जोन में नियमित तौर पर बकाया संपत्ति कर तथा वर्तमान वित्तीय वर्ष का कर वसूलने की प्रक्रिया जारी रहती है। पूर्व, पश्चिम तथा दक्षिण जोन में औसत वसूली रहती है, लेकिन उत्तर जोन में वसूली सबसे अधिक प्रभावित रही है। अन्य जोन के मुकाबले उत्तर जोन में वसूली कम पाई गई है। इस बीच आज मनपा आयुक्त जितेंद्र वाघ ने सभी जोन तथा कर विभाग के अधिकारी, कर्मचारियों कर वसूली संदर्भ में जायजा बैठक बुलाई। इस बैठक में कम कर वसूली के मुद्दे पर मनपा आयुक्त ने अधिकारी, कर्मचारियों को आड़े हाथों लिया। जमकर फटकार लगाने के साथ ही वसूली बढ़ाने के आदेश दिए।

इस दौरान उत्तर जोन के प्रमुख सहायक तथा प्र. सहायक कर अधीक्षक राजेंद्र तुकाराम गाडगे अनुपस्थित थे। अनुपस्थित पर नाराजगी जाहिर करते हुए आयुक्त ने उत्तर जोन की वसूली पर गौर किया, जिसमें काफी कम कर वसूली पाई गई। वसूली में लापरवाही बरतने के साथ ही बिना अनुमति अवकाश पर जाने के कारण आयुक्त ने गाडगे को निलंबित कर दिया। इसी प्रकार वसूली में लापरवाही बरतनेवाले पांच लिपिकों को निलंबित किया गया। इन लिपिकों ने माह भर में 15 भी रसीदें नहीं फाड़ी थी, जबकि प्रति माह आसानी से 30 से अधिक संपत्तिधारकों से कर वसूलना अपेक्षित था।

कार्य में बरती गई इस कोताही की वजह से उत्तर जोन के कर वसूली लिपिक शंकर जयराम सिरसाट, ज्ञानेश्वर पंजाबराव देशमुख, ईश्वर जगन्नाथ नरडे को अगले आदेश तक निलंबित किया गया। इसी प्रकार पश्चिम जोन के लिपिक संतोष दिनकर साबले एवं दक्षिण जोन के लिपिक राहुल भुजंगराव देशमुख को निलंबित किया गया। मनपा आयुक्त के सख्त रवैये की वजह से मनपा अधिकारी, कर्मचारियों में खलबली मच गई है। अधिकारी, कर्मचारी जोर शोर से कर वसूली में जुट गए है।

40.68 करोड़ बकाया कर वसूली की चुनौती
अकोला महानगरपालिका क्षेत्र में संपत्तिधारकों पर वित्तीय वर्ष 2017-18 तक 40 करोड़ 68 लाख 91 हजार रूपए कर बकाया है। वहीं नए वित्तीय वर्ष 2018-19 में 47 करोड़ 74 लाख 53 हजार रूपए कर बकाया है। कुल मिलाकर कर विभाग को 88 करोड़ 43 लाख रूपए कर की वसूली करनी है। अगर इतने बड़े पैमाने पर कर वसूली हुई तो मनपा की अधिकतर समस्याएं हल हो सकती है, लेकिन कर वसूली में कोताही बरती जा रही है। इसका खामियाजा आज छह कर्मचारियों को भुगतना पड़ा।

Similar News