मानसून अंतिम पड़ाव पर, नागपुर जिले में इस बार 7 प्र.श. अधिक बारिश

मानसून अंतिम पड़ाव पर, नागपुर जिले में इस बार 7 प्र.श. अधिक बारिश

Anita Peddulwar
Update: 2020-09-28 07:39 GMT
मानसून अंतिम पड़ाव पर, नागपुर जिले में इस बार 7 प्र.श. अधिक बारिश

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मानसून अंतिम पड़ाव पर है। दोपहर की कड़ी धूप इसका संकेत दे रही है। इस मानसून में  विदर्भ में 847 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य  से 9 फीसदी कम है। यहां सामान्य बारिश 934.5 मिलीमीटर मानी जाती है। वहीं, नागपुर जिले में 978.1 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से लगभग 7 फीसदी अधिक है। जिले में सामान्य बारिश 910.5 मिलीमीटर मानी जाती है। 

धूप का नहीं दिखा असर :  शनिवार दोपहर की झमाझम बारिश के कारण रविवार को तीखी धूप के बावजूद तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिली। हालांकि कुछ समय के लिए बादलों का जमावड़ा भी लगा। शनिवार की बारिश रविवार को 3.5 मिलीमीटर दर्ज की गई।

तापमान : रविवार को 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की वजह से अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 0.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। शनिवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस था। न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ  24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 1.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस था। 

अनुमान : मौसम विभाग के अनुसार, 28 और 29 सितंबर को जिले में गरज-चमक के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। बादलों की घेराबंदी जारी रहेगी। इस कारण धूप-छांव का खेल चलता रहेगा। 
 

Tags:    

Similar News