बहरीन सेक्स रैकेट :  मां के इलाज और भाई-बहन की पढ़ाई के लिए फंसी थी 5 लड़कियां

बहरीन सेक्स रैकेट :  मां के इलाज और भाई-बहन की पढ़ाई के लिए फंसी थी 5 लड़कियां

Tejinder Singh
Update: 2018-11-12 16:00 GMT
बहरीन सेक्स रैकेट :  मां के इलाज और भाई-बहन की पढ़ाई के लिए फंसी थी 5 लड़कियां

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बहरीन सेक्स रैकेट मामले में पांच और पीड़ित लड़कियां सामने आईं हैं। पुलिस को दिए अपने बयान में इन लड़कियों ने बताया है कि आरोपियों ने किस तरह उनकी मजबूरी का फायदा उठाते हुए सेक्स रैकेट में धकेला। पुलिस इस मामले में बहरीन और दुबई में होटल चलाने वाले और मामले के मुख्य आरोपी सलीम पर शिकंजा कसने की तैयारी कर रही है। हफ्ता विरोधी प्रकोष्ठ के एक अधिकारी ने बताया कि अब तक जिन पीड़ित लड़कियों ने पुलिस से संपर्क किया है उन सभी की कहानी एक जैसी है। किसी की मां कैंसर से जूझ रही है और उसके पास इलाज के पैसे नहीं थे तो कई अपने भाई-बहनों की पढ़ाई लिखाई का खर्च उठाना चाहती थी। लड़कियों को यहां से होटल के काम के नाम पर भेजा जाता था और एडवांस के रूप में एक डेढ़ लाख रुपए दे दिए जाते थे। बाद में सिर्फ काम व डांस से पैसे वसूल न होने का हवाला देते हुए उन्हें देह व्यापार के लिए मजबूर किया जाता था। 

मुंबई के नागपाडा इलाके की एक लड़की की शिकायत के बाद इस पूरे मामले का भांडाफोड़ हुआ है। होटल में काम करने के नाम पर भेजी गई लड़की को जब देह व्यापार के लिए मजबूर किया जाने लगा और पासपोर्ट छीन लिया गया तब उसने किसी तरह परिवार से संपर्क कर मामले की जानकारी दी और रैकेट का खुलासा हुआ। मामले का मुख्य आरोपी केरल का है और उसके दुबई समेत खाड़ी देशों में कई होटल हैं। शक है कि मुंबई में जिस रैकेट का खुलासा हुआ है वह इस मामले की बस एक कड़ी भर है और उसने देशभर में इसी तरह लड़कियों को फांसने के लिए एजेंटों का जाल बिछा रखा है। मामले की छानबीन में जुटे इंस्पेक्टर अरविंद पवार के मुताबिक मुख्य आरोपी पर जल्द ही शिकंजा कसा जा सकता है। मामले में मोहम्मद कमाल शेख, टिंकू दिनेश राज और फरीद उल हक नाम के आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

Similar News