उत्तर प्रदेश: कोरोना से एक ही दिन में दो विधायकों की मौत, रमेश दिवाकर के बाद सुरेश श्रीवास्तव का निधन, 7 दिन से थे वेंटिलेटर पर

उत्तर प्रदेश: कोरोना से एक ही दिन में दो विधायकों की मौत, रमेश दिवाकर के बाद सुरेश श्रीवास्तव का निधन, 7 दिन से थे वेंटिलेटर पर

Bhaskar Hindi
Update: 2021-04-23 18:31 GMT
उत्तर प्रदेश: कोरोना से एक ही दिन में दो विधायकों की मौत, रमेश दिवाकर के बाद सुरेश श्रीवास्तव का निधन, 7 दिन से थे वेंटिलेटर पर

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना के कारण एक ही दिन में दो विधायकों की मौत हो गई। पश्चिमी क्षेत्र से भाजपा के विधायक सुरेश श्रीवास्तव (76 वर्ष) का शुक्वार को कोरोना के कारण निधन हो गया है। वे बीते 7 दिन से वेंटिलेटर पर थे, कोरोना संक्रमण के बाद से उनका अस्पताल में इलाज एसजीपीजीआई के राजधानी हॉस्पिटल में चल रहा था। वहीं इससे पहले औरैया जिले से BJP के सदर विधायक रमेश दिवाकर का गुरुवार रात मेरठ मेडिकल कॉलेज में निधन हो गया। 15 अप्रैल को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। संक्रमण उनके फेफड़े तक पहुंच गया था।

उनके परिवार में पत्नी मालती श्रीवास्तव, छोटा बेटा सौरभ भी कोविड पॉजिटिव हैं और वह भी अलग-अलग हॉस्पिटल में भर्ती हैं। उनका वाहन चालक भी कोरोना संक्रमित था और उसका कुछ दिन पहले निधन हो चुका है। वहीं संडीला निवासी उनका सेवक भी कोविड पॉजिटिव है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने लखनऊ पश्चिम के विधायक व पार्टी के वरिष्ठ नेता सुरेश श्रीवास्तव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

श्रीवास्तव की वरिष्ठतम भाजपा नेताओं में थी गिनती
श्रीवास्तव की गिनती राजधानी के वरिष्ठतम भाजपा नेताओं में रही। वह महानगर अध्यक्ष समेत कार्यकारिणी में विभिन्न पदों पर रहे। इसके बाद पहली बार वर्ष 1996 में पहली बार मध्य विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए। इसके बाद वह लगातार दो बार मध्य विधानसभा से ही पुन: विधायक चुने गए। वर्ष 2012 परिसीमन के बाद वह पश्चिम विधानसभा से चुनाव लड़े और चौथी बार हार गए। हालांकि पिछले वर्ष 2017 के चुनाव में वह फिर पश्चिम विधानसभा से ही विधायक चुने गए। उनका बड़ा बेटा डॉ. शैलेश व उसकी पत्नी गोमती नगर के सेंट जोसेफ हॉस्पिटल में डॉक्टर हैं। बेटी वैज्ञानिक है। पत्नी महिला कॉलेज में शिक्षिका रहीं।

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक सुरेश कुमार श्रीवास्तव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। साथ ही ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शान्ति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उनके निधन के समाचार को पीड़ादायक बताते हुए कहा है कि जन प्रतिनिधि के रूप में उनकी सादगी, सरलता और उनकी कर्मठता अपने आप में मिसाल थी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने  भी उनके असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

रक्षामंत्री राजनाथ ने जताया दुख
रक्षामंत्री और लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह ने भी सुरेश श्रीवास्तव के निधन पर दुख जताया है। राजनाथ ने कहा है कि सुरेश श्रीवास्तव के निधन की खबर बहुत पीड़ादायक है। जनप्रतिनिधि के तौर पर उनकी सादगी, सरलता और कर्मठता अपने आप में एक मिसाल थी।

59 घंटे का कोरोना कर्फ्यू शुरू
कोरोना की चेन को तोड़ने के लिए पूरे प्रदेश में रात आठ बजे से सुबह 7 बजे तक नाइट कर्फ्यू जारी है। शुक्रवार रात 8 बजे से सोमवार सुबह 7 बजे तक करीब 59 घंटे का वीकेंड लॉकडाउन भी लग गया। इससे पहले 15 तक पूरे प्रदेश में सिर्फ रविवार को लॉकडाउन घोषित था। बीते मंगलवार को मुख्यमंत्री ने शनिवार और रविवार को दो दिन लॉकडाउन लगाने का निर्णय लिया था। इस दौरान सिर्फ इमरजेंसी सेवाओं को छूट रहेगी। बाकी लोगों के घर से निकलने की मनाही रहेगी।

 

Tags:    

Similar News