भाजपा सांसद पूनम महाजन की संपत्ति में 106 करोड़ रुपए की कमी

भाजपा सांसद पूनम महाजन की संपत्ति में 106 करोड़ रुपए की कमी

Anita Peddulwar
Update: 2019-04-06 13:03 GMT
भाजपा सांसद पूनम महाजन की संपत्ति में 106 करोड़ रुपए की कमी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। चुनाव में उम्मीदवार के तौर पर उतर रहे नेताओं की संपत्ति हर साल चुनाव के साथ बढ़ती रहती है। इसके उलट भाजपा युवा मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर-मध्य मुंबई सीट से भाजपा उम्मीदवार पूनम महाजन की संपत्ति में भारी कमी आई है। 2014 के लोकसभा चुनाव में जहां उनकी संपत्ति 108.8 करोड़ थी, जो अब घटकर 2.2 करोड़ रह गई है। अपने चुनाव नामांकन पत्र में उन्होंने अपनी संपत्ति 2.2 करोड़ रुपए बताई है।

पूनम के पास व्यक्तिगत रुप से 1.06 करोड़ रुपए की चल संपत्ति है, जिसमें 75 लाख रुपए नकद, 22 लाख रुपए का बैंक डिपोजिट, 72 लाख 91 हजार रुपए की बीमा पालिसी का सामावेश है। इसके अलावा पूनम के पति वी. राव के पास 29 हजार 650 रुपए नकद, 13 लाख 41 हजार रुपए का बैंक डिपोजिट, 95 लाख 74 हजार रुपए की बीमा पालिसी व पांच लाख 28 हजार रुपए के शेयर हैं। इसके अलावा सांसद पुनम महाजन के बेटे के नाम पर बैंक में एक लाख 38 हजार रुपए जमा हैं। महाजन के नाम पर 11 लाख सात हजार रुपए की होंडा सीआरवी कार भी है। पिछले हलफनामे में पूनम ने अपने व अपने पति के नाम 41.44 करोड़ रुपए का कर्ज बताया था।

मौजूदा हलफनामे में उन्होंने खुद के खिलाफ चेक बाउंसिग के दो मामले लंबित होने का भी खुलासा किया है। पूनम महाजन ने कहा कि उनके पति ऑटो मोबाइल डीलर हैं। कारोबार में हुए नुकसान के चलते हमें कर्ज चुकाने के लिए अपनी कुछ संपत्ति बेचनी पड़ी। हमारे पास अब बीमा पॉलिसी ही बची है। इस वजह से संपत्ति में कमी आई है।  साल 2014 के लोकसभा चुनाव में पूनम ने अपनी संपत्ति कि जो जानकारी चुनाव आयोग को दी थी, उसके अनुसार पूनम व उनके पति के पास तीन फ्लैट, पनवेल में करोड़ों रुपए की खेती की जमीन और दो मंहगी गाड़ियां थी। जिसमें आडी क्यू 5 व आडी क्यू 7 का समावेश था। पूनम उत्तर मध्य-मुंबई सीट से दोबारा लोकसभा चुनाव लड़ रही हैं। 
 

Tags:    

Similar News