हुंकार रैली से भाजपा का छत्तीसगढ़ में मिशन-2023 का शंखनाद

मिशन-2023 हुंकार रैली से भाजपा का छत्तीसगढ़ में मिशन-2023 का शंखनाद

Sanjana Namdev
Update: 2022-11-13 04:51 GMT
हुंकार रैली से भाजपा का छत्तीसगढ़ में मिशन-2023 का शंखनाद

डिजिटल डेस्क , रायपुर। 50 हजार से अधिक महिलाओं को साथ लेकर केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने शुक्रवार को ‘महतारी हुंकार रैली’ के जरिये भाजपा के मिशन-2023 का शंखनाद किया।  बिलासपुर में आयोजित इस रैली तथा जनसभा को संबोधित करते हुए स्मृति ने कहा ‘हम घर में घुसकर वार करते हैं। अमेठी के बाद अब बिलासपुर और छत्तीसगढ़ जीतेंगे। उन्होंने कहा यहां की गरीब जनता ने क्या पाप किया जो सरकार ने 16 लाख परिवारों की छत छीन ली। महिलाओं पर अत्याचार बढ़ रहे हैं। शराब बंदी का झूठा वादा कर बरगला रहे हैं। रैली को केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, सांसद सरोज पांडेय,ने भी संबोधित किया। जनसभा से पहले स्मृति ने करीब तीन किलोमीटर लंबा रोड-शो भी किया। अपने प्रवाय के दौरान स्मृति ने यहां संगठन के नेताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात कर, प्रदेश के राजनीतिक हालातों पर चर्चा भी की।

कांग्रेस के स्मृति से आठ सवाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने स्मृति ईरानी से आठ सवाल पूछते हुए कहा, जब खाद्य पदार्थों की कीमत आज की अपेक्षा आधी थी तब स्मृति को महंगाईअधिक लग रही थी लेकिन आज वे इस मुद्दे पर चुपा क्यों हैं। पूर्ववर्ती सरकार में जब झलियामारी जैसी घटनाओं में बच्चियों से दुराचार हो रहा था तत्कालीन सरकार एफआईआर भी नहीं दर्ज कर रही थी तब क्यों मौन थीं। हिड़मा मडक़म, मीना खल्को के साथ हुई दरिंदगी पर क्यों चुप रहीं। रमन राज में जब छत्तीसगढ़ से 27 हजार से अधिक महिलाएं लापता थीं, प्रदेश में हर दिन एक दुराचार तथा तीसरे दिन सामूहिक दुराचार की घटना होती थी तब वे कहां थीं। गुजरात में भाजपा सरकार ने सजायाफ्ता 11 रेप के आरोपियों को जेल से रिहा किया है, कठुआ-उन्नाव जैसे मामलों में इनकी संवेदना कहां मर गई थी। मोदी सरकार की गलत नीतियों के चलते देशभर में डेढ़ करोड़ महिलाओं के हाथ से रोजगार छीना गया, उन्हें रोजगार दिलाने क्या किया। श्री मरकाम ने यह भी पूछा कि मप्र में पूर्व मुख्यमंत्री उमाभारती शराबबंदी के लिए आंदोलन कर रही हैं, क्या वे आंदोलन में शामिल होंगी।

Tags:    

Similar News