लखनऊ के ऑक्सीजन प्लांट में धमाका, 3 लोगों की मौत, 5 से ज्यादा घायल

लखनऊ के ऑक्सीजन प्लांट में धमाका, 3 लोगों की मौत, 5 से ज्यादा घायल

Bhaskar Hindi
Update: 2021-05-05 12:18 GMT
लखनऊ के ऑक्सीजन प्लांट में धमाका, 3 लोगों की मौत, 5 से ज्यादा घायल

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार को ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से 3 लोगों की मौत हो गई। इस घटना में पांच से ज्यादा लोग घायल भी हो गए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिनहट के केटी ऑक्सीजन प्लांट में ये हादसा उस वक्त हुआ जब जम्बो सिलेंडर में रिफिलिंग की जा रही थी। धमाका इतना भीषण था कि प्लांट की छत उड़ गई।

हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव का काम शुरू किया। डीएम अभिषेक प्रकाश ने बताया कि घटना तीन बजकर 30 मिनट की है। एक सिलिंडर के ब्लास्ट होने की वजह से 3 की मौत व पांच से ज्यादा लोगों के घायल होने की सूचना है। सभी घायलों को इलाज के लिए गोमतीनगर स्थित लोहिया अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। साथ ही टेक्नीकल टीम व सीएफओ मामले की जांच कर रही है। 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने दुर्घटना के कारणों की जांच किये जाने के निर्देश भी दिये हैं।

इससे पहले उत्तर प्रदेश में कानपुर के पनकी ऑक्सीजन प्लांट में रिफिलिंग के दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से एक श्रमिक की मौत हो गई थी। 2 लोग घायल हो गए थे। दादा नगर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित पनकी गैस प्लांट में किदवई नगर के एक अस्पताल का कोई व्यक्ति गैस भरने कोई आया था। उसका एक सिलेंडर संभवत: कमजोर था जिसमें विस्फोट हुआ। इसमें यहां के एक कर्मचारी की मौके पर मौत हो गई थी।

Tags:    

Similar News