Bhaskar Hindi
Update: 2020-12-13 14:25 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर के डल झील में बीजेपी ने रविवार को शिकारा रैली निकाली। जिला विकास परिषद (डीडीसी) चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने स्थानीय नेताओं के साथ मिलकर प्रचार किया। इस दौरान एक शिकारा पलट गई। शिकारा में बैठे भाजपा नेताओं और मीडियाकर्मियों को स्थानीय लोगों ने बचाया। बता दें कि जम्मू कश्मीर में डीडीसी के आठ चरणों में चुनाव हो रहे हैं। छठे चरण के लिए आज रविवार को वोट डाले गए।

स्थानीय लोगों के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ताओं और मीडियाकर्मियों को ले जाने वाली शिकारा डल झील के किनारे पर पहुंचने के ठीक पहले घाट नं. 17 पर चार चिनारी के पास पलट गई। स्थानीय लोगों ने जम्मू-कश्मीर पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF)  के जवानों के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर भाजपा कार्यकर्ताओं और मीडियाकर्मियों को बचाया। डीडीसी चुनावों के लिए "शिकारा रैली" का नेतृत्व MoS (वित्त) अनुराग ठाकुर कर रहे थे। जम्मू-कश्मीर में डीडीसी चुनावों के लिए ठाकुर भाजपा के प्रभारी हैं। सोफी यूसुफ और अल्ताफ ठाकुर सहित स्थानीय नेता भी उपस्थित थे।

इस घटना से पहले, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के कार्यालय ने ट्विटर पर एक तस्वीर पोस्ट की जिसमें वह भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन के साथ "शिकारा रैली" की तैयारियों का जायजा लेते दिखाई दे रहे हैं। शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बीजेपी यहां चुनाव विकास के मुद्दे पर लड़ रही है। जो लोग कहते थे कि यहां कोई तिरंगा उठाने वाला नहीं मिलेगा, आप देखिए यहां तिरंगा भी है और उसे लहराने वाले भी हैं। ठाकुर ने बाद में एक और तस्वीर पोस्ट की जिसमें वो डल झील पर भाजपा के झंडे को फहराते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, आतंकवाद ,अलगाववाद हुई अब बीती बात, चल पड़ा जम्मू-कश्मीर भाजपा के साथ।

Tags:    

Similar News