रामटेक-नागपुर-वर्धा तक दौड़ेगी ब्राॅडगेज मेट्रो, 120 की होगी रफ्तार

रामटेक-नागपुर-वर्धा तक दौड़ेगी ब्राॅडगेज मेट्रो, 120 की होगी रफ्तार

Anita Peddulwar
Update: 2019-02-06 07:26 GMT
रामटेक-नागपुर-वर्धा तक दौड़ेगी ब्राॅडगेज मेट्रो, 120 की होगी रफ्तार

डिजिटल डेस्क,नागपुर। रामटेक क्षेत्र का सर्वांगीण विकास करने के लिए प्रयास जारी है। रामटेक क्षेत्र के पर्यटन को बढ़ावा देने रामटेक-नागपुर-वर्धा ब्राडगेज मेट्रो दौड़ाई जाएगी। चार डिब्बेवाली इस मेट्रो की रफ्तार 120 किमी प्रति घंटा होगी, जो  केवल 25 मिनट में नागपुर पहुंचेगी। यह आश्वासन केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी ने दिया है। मनसर-रामटेक-तिरोड़ा इस 44 किमी राज्यमार्ग के मल्टीलेन सड़क सीमेंटीकरण के निर्माणकार्य के भूमिपूजन समारोह में वे बोल रहे थे। 498.36 करोड़ रुपए की लागत से यह सड़क बनाई जा रही है। जिसका भूमिपूजन किया गया।समीपस्थ नागार्जुन परिसर में आयोजित भूमिपूजन समारोह में वे बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।

मंच पर केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी, पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, विधायक डी. मल्लिकार्जुन रेड्डी, विधायक चरण वाघमारे, विधायक विजय रहांगडाले, राज्य खनिकर्म विकास महामंडल के अध्यक्ष एड. आशीष जयस्वाल, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. राजीव पोतदार, जिप अध्यक्ष निशा सावरकर, उपाध्यक्ष शरद डोणेकर प्रमुखता से उपस्थित थे। केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पानी की पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी। इस संबंध में कुछ नई योजनाएं पूर्णत्व की ओर हैं। कुछ पर काम चल रहा है। जिसके लिए निधि की कमी नहीं होगी। इसके अलावा जिले में विभिन्न निर्माणस्थ सड़क योजनाओं की जानकारी भी उन्होंने दी। 

मनसर टोल होगा स्थानांतरित
गडकरी ने कहा कि विवादित मनसर टोल शीघ्र ही स्थानांतरित किया जाएगा। इसका नोटिफिकेशन अगले सप्ताह निकाला जाएगा। दिल्ली में हाल ही में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया है। विधायक डी. मल्लिकार्जुन रेड्डी ने प्रस्तावना में कहा कि, क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए वे वचनबद्ध हैं। इसके लिए उन्हें नितीन गडकरी का समय-समय पर सहयोग मिल रहा है। उनके कारण ही विकास कामों को गति मिल रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और पालकमंत्री बावनकुले के सहयोग के प्रति भी उन्होंने आभार व्यक्त किया। डॉ. राजीव पोतदार ने आभार व्यक्त किया।

राइस प्रोसेसिंग यूनिट का उद्घाटन
समीपस्थ नवेगाव रिठी में निर्मित राइस प्रोसेसिंग यूनिट का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी ने किया। विधायक डी. मल्लिकार्जुन रेड्डी ने बताया कि गडकरी के कारण ही केंद्र से पहले नामंजूर हुए इस यूनिट को रामटेक में स्थापित किया जा सका है। 20 करोड़ रुपए की लागत से बनी इस यूनिट के चलते रामटेक, पारशिवनी, मौदा क्षेत्र के 89 राइस मिलरों को लाभ होगा। धान मिलिंग से लेकर पैकेजिंग तक का काम अत्याधुनिक तकनीक से किया जाएगा।  यहां एक घंटे में 50 क्विंटल चावल पर प्रोसेसिंग होगी।
 

Similar News