मध्य रेलवे ने बेटिकट यात्रियों से एक माह में वसूले 23 करोड़, पिछले साल से 70 फीसदी ज्यादा 

मध्य रेलवे ने बेटिकट यात्रियों से एक माह में वसूले 23 करोड़, पिछले साल से 70 फीसदी ज्यादा 

Bhaskar Hindi
Update: 2019-11-13 05:05 GMT
मध्य रेलवे ने बेटिकट यात्रियों से एक माह में वसूले 23 करोड़, पिछले साल से 70 फीसदी ज्यादा 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मध्य रेलवे ने इस साल अक्टूबर महीने में बेटिकट यात्रियों से करीब 23 करोड़ रुपए का जुर्माना वसूला है। जो पिछले साल अक्टूबर महीने में वसूले गए जुर्माने से 70 फीसदी ज्यादा है। विशेष जांच मुहिम के दौरान इस साल पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले करीब 52 फीसदी ज्यादा बेटिकट यात्री पकड़े गए हैं। 

मध्य रेलवे ने साल 2018 में इस अवधि तक कुल 1 लाख 99 हजार 812 बेटिकट यात्रियों से जुर्माना वसूला था। जबकि इस साल 20 फीसदी की बढ़ोत्तरी के साथ 2 लाख 40 हजार 754 बेटिकट यात्रियों को पकड़ा जा चुका है। इस साल अक्टूबर महीने में पकड़े गए 4 लाख 25 हजार बेटिकट यात्रियों से 22.87 करोड़ रुपए का जुर्माना वसूला गया है जबकि पिछले साल 2 लाख 80 हजार बेटिकट यात्रियों ने 13.42 करोड़ रुपए जुर्माना भरा था। इस साल अप्रैल से अक्टूबर महीने तक बिना टिकट और अनियमित यात्रियों से कुल 126.67 करोड़ रुपए वसूले जा चुके हैं।

पिछले साल इसी कालावधि में 103.77 करोड़ रुपए जुर्माना वसूला गया था। यानी मौजूदा वित्त वर्ष के पहले सात महीनों में बेटिकट यात्रियों से 22 फीसदी ज्यादा जुर्माना वसूला गया। इस दौरान मध्य रेलवे ने बिना टिकट, अनियमित यात्रा और बिना बुक किए सामान ले जा रहे 24.04 लाख यात्रियों पर कार्रवाई की है। इसी दौरान पिछले साल 20.81 लाख ऐसे मामले पकड़े गए थे।

695 कर रहे थे फर्जी नामों से सफर

त्योहारों के दौरान भारी भीड़भाड़ के चलते दलालों द्वारा फर्जी नामों से टिकट निकालकर यात्रियों को बेंचने के मामलों को देखते हुए दीपावली और छठ पूजा के दौरान रेलवे ने विशेष मुहिम चलाई। जिसमें 695 लोग फर्जी नामों पर सफर करते पाए गए। इन लोगों से 5 लाख 60 लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया। त्योहारों के दौरान यानी 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक करीब 14 करोड़ रुपए जुर्माना वसूला है।

Tags:    

Similar News