वचन निभाओ यात्रा के साथ मैदान में उतरेगी भाजपा

वचन निभाओ यात्रा के साथ मैदान में उतरेगी भाजपा

Bhaskar Hindi
Update: 2019-01-29 16:15 GMT
वचन निभाओ यात्रा के साथ मैदान में उतरेगी भाजपा

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। विधानसभा में मिली हार के बाद अब भाजपा लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। जिला भाजपा कार्यालय में लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिहाज से बैठक का आयोजन कर मंथन किया गया। बैठक में कार्यकर्ताओं से पिछली हार भूलकर लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटने कहा गया। वचन निभाओ यात्रा के जरिए भाजपा लोगों तक पहुंचेगी और लोकसभा चुनाव में अपनी मजबूती का रास्ता बनाएगी। जिला भाजपा कार्यालय में हुई बैठक में जिला लोकसभा प्रभारी शेषराव यादव ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। सभी मोर्चा व प्रकोष्ठों को पार्टी के आगामी दो माह के कार्यक्रमों की जिम्मेदारी दी गई।
 

सत्ता पाने कांग्रेस ने किए लोक लुभावन वादे-

बैठक में पूर्व विधायक चौधरी चन्द्रभान सिंह ने वचन निभाओ यात्रा पर संक्षिप्त में जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने सत्ता पाने के लिए लोक लुभावन वचनपत्र के जरिए वोट हासिल कर लिए। 10 दिन में किसानों का कर्ज माफ करने कहा था। अब नीले, पीले और सफेद फार्म में किसानों को उलझाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कर्ज माफ करना है तो बैंकों से बकाया की जानकारी ले और माफ करे। उन्होंने कहा कि पदाधिकारी और कार्यकर्ता लोगों के बीच जाएं और कांग्रेस सरकार की वादाखिलाफी से अवगत कराते हुए पूर्व की शिवराज सरकार और मोदी सरकारों की योजनाओं की जानकारी दें।
 

समय सीमा में करें कार्यक्रमों का समापन-

भाजपा जिलाध्यक्ष नरेन्द्र परमार ने कहा कि प्रत्येक बूथ की समीक्षा सत्यापन के साथ चुनाव तैयारी में जुटें। चुनाव पूर्व संगठनात्मक कार्यक्रमों को समय-सीमा में संपन्न करते हुए लगातार बूथ स्तर तक परस्पर संवाद जारी रखें। उन्होंने कहा कि हम सिर्फ सत्ता के लिए नहीं सेवा के लिए सरकार बनाते है। बैठक में पूर्व विधायक रमेश दुबे, नानाभाऊ मोहोड़, नत्थनशाह कवरेती, टीकाराम कोराची, ठाकुर दौलत सिंह, अरूण कपूर, शिव मालवी, ठाकुर प्रियवर सिंह, उत्तम ठाकुर, विजय पांडे, दिवाकर सदारंग, सत्येन्द्र तिवारी, इन्द्रजीत सिंह बैस, कमलेश मालवी, सुश्री शबनम खान, सुनील मालवीय सहित मोर्चा के तमाम पदाधिकारी मौजूद थे।

Similar News