सरदार सरोवर बांध प्रभावित लोगों के लिए सीएम शिवराज की सौगात

सरदार सरोवर बांध प्रभावित लोगों के लिए सीएम शिवराज की सौगात

Bhaskar Hindi
Update: 2017-07-30 08:25 GMT
सरदार सरोवर बांध प्रभावित लोगों के लिए सीएम शिवराज की सौगात

डिजिटल डेस्क,भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सरदार सरोवर डूब क्षेत्र के प्रभावितों के साथ चर्चा कर कई घोषणाएं की हैं।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पुनर्वास स्थल पर दिए गए हर अधिकार-पत्र की रजिस्ट्री होगी। रजिस्ट्री के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।

सिंचाई के लिए किसानों ने जो पाइप लाइन डलवाई है उसका भी सर्वेक्षण करवाकर मुआवजा दिया जाएगा। मकान बनवाने के लिए 5 लाख रुपए का विशेष पैकेज दिया जाएगा। यह राशि सामग्री परिवहन के लिए दी गई राशि 80 हजार रूपए के अतिरिक्त होगी।

चौहान ने कहा कि सरकार पुनर्वास स्थल पर मूलभूत सुविधाओं के लिए पूरी ताकत के साथ काम करेगी। पुनर्वास कार्य बेहतर से बेहतर होंगे। पुनर्वास स्थल के सारे गांव आदर्श गांव के रूप में विकसित किए जाएंगे। इन सब के बीच पैसा किसी भी हाल में आड़े नहीं आएगा। सीएम शिवराज ने प्रभावितों परिवारों से कहा कि वे सरदार सरोवर परियोजना और पुनर्वास के प्रयासों को लेकर किए जा रहे विपक्ष के भ्रामक दुष्प्रचार पर ध्यान न दें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुनर्वास के लिए पहले भी 600 करोड़ का पैकेज दिया गया था जिसमें 5 लाख 62 हजार रूपए मिलने थे। अब उस राशि को बढ़ाकर 15 लाख रूपए किया गया है। सरकारी, धर्मस्व एवं समाज के मंदिरों के पुनर्निर्माण के लिए 27 करोड़ रूपए की पूरी राशि दी जाएगी। सभी समाजों के मांगलिक भवनों के लिए उपलब्धता के आधार पर भूखण्ड दिए जाएंगे। सर्वे में छूट गए जायज परिवारों का फिर से सर्वे करवाया जाएगा। पात्र परिवारों को भी सभी प्रकार की राहत सुविधाएं मिलेगी। 

सीएम ने की कई घोषणाएं
निसरपुर कस्बे को आदर्श शहर बनाया जाएगा। पानी भरने के बाद जो क्षेत्र टापू बनेंगे वहां, पुल, सड़कें और पहुंच मार्ग बनाए जाएंगे। जिन क्षेत्रों में खेती संभव नहीं होगी, उसका किसानों की मांग के मुताबिक मुआवजा दिया जाएगा। डूब क्षेत्र के लोगों को जो विशेष पैकेज मिला है, विस्थापन के अधिग्रहीत भूमि स्वामियों को भी मिलेगा। ऐसे परिवार जिनकी 25 प्रतिशत से कम भूमि डूब में आई है, उन्हें भी पैकेज का लाभ दिया जाएगा। पैकेज की गणना डूब में गई भूमि के अनुपात से की जाएगी। 

Similar News