सदन में उपस्थिति के मामले में फिसड्डी कांग्रेस-NCP के विधायक 

सदन में उपस्थिति के मामले में फिसड्डी कांग्रेस-NCP के विधायक 

Tejinder Singh
Update: 2018-10-02 14:52 GMT
सदन में उपस्थिति के मामले में फिसड्डी कांग्रेस-NCP के विधायक 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र विधानमंडल अधिवेशन के दौरान सदन की कार्यवाही में विपक्षी दल के सदस्य कम रुचि लेते हैं। साल 2017 के मार्च में हुए बजट सत्र में 20 दिनों तक चले सदन के कामकाज में सबसे कम हिस्सा लेने वाले विधायकों की सूची में कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस के सदस्य शामिल हैं। विधान परिषद में कांग्रेस सदस्य अमरीश पटेल, सुभाष झांबड, दिलीप देशमुख, शिवाजीराव देशमुख, सतेज पाटील, राष्ट्रवादी कांग्रेस के सदस्य अरुण काका जगताप, अनिल भोसले, बाबाजानी दुर्रानी, शिवसेना सदस्य गोपीकिसन बाजोरिया, तानाजी सांवत और निर्दलीय सदस्य श्रीकांत देशपांडे की पिछले साल के बजट अधिवेशन के समय सदन में 50 प्रतिशत से कम उपस्थिति रही है। 

विधानमंडल सचिवालय से मिली जानकारी के अनुसार बीते बजट सत्र में कांग्रेस सदस्य पटेल की 10 प्रतिशत, झांबड की 40 प्रतिशत, दिलीप देशमुख की 20 प्रतिशत, शिवाजीराव देशमुख की 20 प्रतिशत और सतेज पाटील की 25 प्रतिशत उपस्थिति रही है। जबकि राष्ट्रवादी कांग्रेस सदस्य जगताप की 15 प्रतिशत, दुर्रानी की 40 प्रतिशत, शिवसेना सदस्य बाजोरिया की 30 प्रतिशत, सावंत की 30 प्रतिशत, भोसले की 25 प्रतिशत और निर्दलीय सदस्य देशपांडे की सिर्फ 20 प्रतिशत सदन में मौजूदगी रही थी। वहीं इस सत्र में कांग्रेस सदस्य हुस्नबानू खलिफे, कांग्रेस सदस्य अनंत गाडगील, कांग्रेस सदस्य शरद रणपीसे, भाजपा सदस्य भाई गिरकर, भाजपा समर्थित सदस्य नागो गाणार, राष्ट्रवादी कांग्रेस सदस्य विद्या चव्हाण, राष्ट्रवादी कांग्रेस सदस्य जयवंतराव जाधव, राष्ट्रवादी कांग्रेस सदस्य हेमंत टकले, राष्ट्रवादी कांग्रेस सदस्य आनंद ठाकुर, भाजपा सदस्य प्रवीण दरेकर समेत कई दूसरे सदस्यों की सदन में उपस्थिति शत प्रतिशत रही है। 

मंगलवार को विधान परिषद में कांग्रेस के विधायक दल नेता शरद रणपीसे ने ‘दैनिक भास्कर’ से बातचीत में कहा कि पार्टी के 2 विधायक बीमार होने के कारण सदन में ज्यादा नहीं आ पाते हैं। कम उपस्थिति वाले बाकी विधायक सदन में मौजूद रहने के दौरान जनहित के मुद्दों को उठाते रहे हैं। जहां तक इन विधायकों के सदन से अनुपस्थित रहने का सवाल है इस बारे में मैं खुद जानकारी लूंगा। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि आगामी सत्र में विधायकों की मौजूदगी अधिक रहे। विधानमंडल सचिवालय के मुताबिक साल 2017 के जुलाई के मानसून सत्र और दिसंबर के शीतकालीन सत्र में भी राष्ट्रवादी कांग्रेस सदस्य जगताप, कांग्रेस सदस्य झांबड, कांग्रेस सदस्य अंबरीश पटेल, कांग्रेस सदस्य दिलीपराव देशमुख, कांग्रेस सदस्य शिवाजीराव देशमुख, शिवसेना सदस्य सांवत, निर्दलीय सदस्य देशपांडे की उपस्थिति सदन में कम रही है।

Similar News