‘मिनी महापौर’ चुनाव से पीछे हटी कांग्रेस, 9 जोन पर ‘भाजपा राज’

‘मिनी महापौर’ चुनाव से पीछे हटी कांग्रेस, 9 जोन पर ‘भाजपा राज’

Anita Peddulwar
Update: 2021-02-17 09:19 GMT
‘मिनी महापौर’ चुनाव से पीछे हटी कांग्रेस, 9 जोन पर ‘भाजपा राज’

डिजिटल डेस्क, नागपुर। आगामी मनपा चुनाव को देखते हुए ‘मिनी महापौर’ यानी जोन सभापति के चुनाव को महत्वपूर्ण माना जा रहा था। 8 जोन में भाजपा सदस्यों के संख्या बल के आधार पर उनके उम्मीदवारों का निर्विरोध जितना लगभग तय था। उम्मीद थी कि आशीनगर और मंगलवारी जोन में कांग्रेस उपस्थिति दर्ज कराकर आगामी रणनीति का परिचय देगी। लेकिन वहां भी कांग्रेस पीछे हटती या बंटी दिखाई दी। आशीनगर जोन में बसपा ने वंदना चांदेकर को अपना उम्मीदवार बनाया था।

यहां बसपा से निष्कासित नगरसेवक मो. जमाल ने पर्चा भर चुनौती पेश की थी। इसे कांग्रेस का समर्थन बताया जा रहा था। लेकिन मतदान के समय यहां कांग्रेस बंट गई। तानाजी वनवे और विकास ठाकरे के गुट के नगरसेवकों में एकमत नहीं हो पाया। वनवे गुट के नगरसेवक मो. जमाल को  वोटिंग के पक्ष में थे, जबकि ठाकरे गुट विरोध में था। इसका प्रत्यक्ष अनुभव भी आया। वोटिंग के समय  वनवे गुट के दिनेश यादव, परसरम मानवटकर ने तटस्थ की भूमिका अपनाई, जबकि ठाकरे गुट के  संदीप सहारे, मनोज सांगोले, भावना लोणारे अनुपस्थित रहीं। ऐसे में मो. जमाल अकेले पड़ते दिखाई दिए। उन्होंने नामांकन वापस लेना ही ठीक समझा। 

बसपा में गुटबाजी 
इसके बाद सीधा मुकाबला बसपा के वंदना चांदेकर और भाजपा के भाग्यश्री कानतोड़े के बीच हुआ। चांदेकर के पक्ष में 6 वोट पड़े तो कानतोड़े को 3 वोट मिले। मो. जमाल तटस्थ रहे। चांदेकर को विजयी घोषित किया गया। हालांकि इस चुनाव ने बसपा में गुटबाजी की पोल खोल दी। मंगला लांजेवार के नाराज होने की खबरें रही। नामांकन के वक्त वह मो. जमाल के साथ खड़ी रही। लेकिन मो. जमाल के नामांकन वापस लेने पर पार्टी का दबाव होने से उसे मजबूरन बसपा उम्मीदवार को वोट करना पड़ा। मंगलवारी जोन में भी ऐन वक्त पर निर्विरोध चुनाव हुआ। कांग्रेस की नगरसेविका गार्गी चोपड़ा के भाजपा के साथ होने से कांग्रेस को अपनी जीत मुश्किल लग रही थी। ऐसे में एेन वक्त पर कांग्रेस प्रत्याशी साक्षी राऊत ने अपना पर्चा वापस लिया। इसके बाद मंगलवारी जोन में भाजपा की प्रमिला मथरानी निर्विरोध चुनी गईं।

अॉनलाइन पद्धति से 10 जोन के सभापति चुनाव 
मनपा मुख्यालय में आनलाइन पद्धति से 10 जोन के सभापति चुनाव हुए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जोन के नगरसेवकों ने हाथ उठाकर मतदान किया। पीठासीन अधिकारी जिलाधिकारी रवींद्र ठाकरे ने चुनाव की प्रक्रिया पूरी की। इस अवसर पर मनपा के अतिरिक्त आयुक्त राम जोशी व निगम सचिव डॉ. रंजना लाड उपस्थित थीं। 10 में से 9 जोन में भाजपा के उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए। सभी आशीनगर जोन में सभापति पद के लिए ‌वोटिंग हुई। चुनाव के बाद भाजपा के सभी उम्मीदवारों का महापौर दयाशंकर तिवारी ने तुलसी का पौधा देकर अभिनंदन किया। इस अवसर पर विधायक प्रवीण दटके, उपमहापौर मनीषा धावड़े, स्थायी समिति सभापति पिंटू झलके, सत्तापक्ष नेता संदीप जाधव, परिवहन समिति सभापति नरेंद्र बोरकर, नासुप्र विश्वस्त भूषण शिंगणे आदि उपस्थित थे। 
 

Tags:    

Similar News