BJP को हराने कांग्रेस कर सकती है गठबंधन: कमलनाथ

BJP को हराने कांग्रेस कर सकती है गठबंधन: कमलनाथ

Bhaskar Hindi
Update: 2018-04-29 17:42 GMT
BJP को हराने कांग्रेस कर सकती है गठबंधन: कमलनाथ

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। मतों का विभाजन रोकने, भाजपा को प्रदेश में शिकस्त देने कांग्रेस समान विचारधारा वाले दलों से गठबंधन कर सकती है। इस संदर्भ में अभी किसी तरीके का कोई निर्णय नहीं हुआ है। मेरे मतानुसार इससे कांग्रेस की ताकत और बढ़ेगी। वरिष्ठ नेताओं से विचार विमर्श के बाद सपा, बसपा और गोंडवाना जैसे दलों से बातचीत की जाएगी। यह बात भास्कर से खास चर्चा में पूर्व केंद्रीय मंत्री व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने व्यक्त किए।

उन्होंने प्रदेश में संगठन विस्तार के संबंध में कहा कि युवाओं और महिलाओं की समुचित भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। अपनी प्राथमिकताओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनों में नए उत्साह का संचार करना, प्रदेश में लोगों में विश्वास पैदा करना कि कांग्रेस सत्ता में आने के बाद उनके हितों के लिए बेहतर कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि जरूरत पडऩे पर नीतियों में परिवर्तन और कठोर कदम उठाने के लिए भी तैयार होंगे। मैं पूरे प्रदेश में दौरा करूंगा, इसकी रूपरेखा तैयार हो रही है। पार्टी के वरिष्ठ नेता मिलकर प्रदेश के विभिन्न अंचलों में जाएंगे।

किसान, महिलाएं, युवा और आम आदमी आज शिवराज सरकार के कुशासन से तंग आ गया है। आदिवासी, अनुसूचित जाति वर्ग प्रताडि़त हो रहा है। महिलाओं पर अत्याचार बढ़े हैं, किसान खून के आंसू पीकर अपना गुजारा कर रहा है। बेरोजगार युवा सरकार की नीतियों से जूझ रहा है। उन्होंने शिवराज सरकार को अब तक की सबसे ज्यादा असफल सरकार करार दिया।

अपनी कार्ययोजना के संदर्भ में चर्चा करते हुए नाथ ने कहा कि छिंदवाड़ा के विकास से प्रदेश भर के लोग परिचित हैं। प्रदेश की दशा और दिशा भी हम बदलेंगे। 15 साल से सत्ता से बाहर कांग्रेस जनों में कांग्रेस की सरकार बनाने को लेकर नए उत्साह का संचार हुआ है। प्रदेश में कांग्रेस एकजुट होकर शिवराज सरकार को उखाड़ फेंकने संकल्पित है।

उन्होंने छिंदवाड़ा के लोगों से अपील करते हुए कहा कि अब वे छिंदवाड़ा को कम समय दे पाएंगे, छिंदवाड़ा का आम आदमी अब छिंदवाड़ा की आवाज उठाएगा। 

Similar News