कांग्रेस की हुंकार, 10 को भारत बंद, उपराजधानी में बड़ा आंदोलन करेगी पार्टी

कांग्रेस की हुंकार, 10 को भारत बंद, उपराजधानी में बड़ा आंदोलन करेगी पार्टी

Tejinder Singh
Update: 2018-09-09 13:18 GMT
कांग्रेस की हुंकार, 10 को भारत बंद, उपराजधानी में बड़ा आंदोलन करेगी पार्टी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर 10 सितंबर को होनेवाले भारत बंद में शहर कांग्रेस कमेटी भी पीछे नहीं है। शहर कांग्रेस कमेटी की आेर से शनिवार को देवड़िया कांग्रेस भवन में शहर अध्यक्ष विकास ठाकरे की अध्यक्षता व पूर्व केंद्रीय मंत्री विलास मुत्तेमवार की प्रमुख उपस्थिति में पार्टी पदाधिकारियों की अहम बैठक हुई।  बैठक में मुख्य रूप से राफेल घोटाला व पेट्रोल, डीजल की मूल्यवृद्धि का मुद्दा उठा। श्री ठाकरे ने बताया कि इंटरनेशनल मार्केट में 16 मई 2014 को कच्चा तेल की कीमत प्रति बैरल 107.09 थी आैर आज यह कीमत गिरकर प्रति बैरल 73 हो गई है। बावजूद इसके पेट्रोल-डीजल के दाम अप्रत्याशित बढ़ गए हैं। मोदी सरकार के राज में पेट्रोल-डीजल के दाम कम होने की बजाय हर दिन बढ़ रहे हैं। तेल पर बेहिसाब टैक्स लगा दिया गया है। इसका परिणाम जनता को महंगा तेल खरीदना पड़ रहा है। जनता के हिस्से का मुनाफा सरकार अपनी जेब में डाल रही है। लोगों का घर का बजट बिगड़ गया है।

भाजपा की सिंगाेडे व मनसे की सुखदेवे ने किया कांग्रेस में प्रवेश
भाजपा महिला आघाड़ी उत्तर विभाग की आशा सिंगाेडे व मनसे महिला आघाड़ी की पदाधिकारी छायाताई सुखदेवे ने शनिवार को कांग्रेस में प्रवेश किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री विलास मुत्तेमवार ने तिरंगा दुपट्टा देकर उन्हें पार्टी में शामिल किया।

ऐसी है तैयारी
पार्टी की आेर से सभी 6 विधान सभा क्षेत्रों के सभी 18  ब्लाक में कार्यकर्ता भारत बंद के समर्थन में आंदोलन करेंगे। कार्यकर्ता सड़क पर व चौराहे पर खड़े होकर अपना रोष जताएंगे। 10 सितंबर को सुबह 10 बजे से ही शहर के चौराहे पर आंदोलन शुरू हो जाएगा। बैठक में प्रमुखता से प्रदेश प्रवक्ता अतुल लोंढे, महासचिव उमाकांत अग्निहोत्री, युवा नेता विशाल मुत्तेमवार, ए़ड. अभिजीत वंजारी, डा. गजराज हटेवार, दिनेश बानाबाकोडे, पार्षद संजय महाकालकर, पार्षद रमेश पुणेकर, नितीन साठवणे, नितीश ग्वालबंशी, दर्शनी धवड, पूर्व विधायक डा. यशवंत बाजीराव, राजेश नंदनकर, शिल्पा बोडखे, प्रज्ञा बडवाइक आदि उपस्थित थे। बैठक में बड़ी संख्या में विभाग अध्यक्ष, ब्लाक अध्यक्ष व पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे। संचालन डा. गजराज हटेवार ने व आभार सदेश सिंगलकर ने माना। 

 

Similar News