नाना पटोले का विधानसभा अध्यक्ष बनना तय, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नए चेहरे की तलाश

नाना पटोले का विधानसभा अध्यक्ष बनना तय, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नए चेहरे की तलाश

Anita Peddulwar
Update: 2019-11-30 08:49 GMT
नाना पटोले का विधानसभा अध्यक्ष बनना तय, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नए चेहरे की तलाश

डिजिटल डेस्क,नागपुर। कांग्रेस विधायक नाना पटोले का विधानसभा अध्यक्ष बनना लगभग तय हो गया है। शनिवार को सत्तापक्ष के महाविकास आघाड़ी की ओर से बतौर उम्मीदवार उन्होंने अपना नामांकन दाखिल कराया है। हालांकि भाजपा ने पटोले की उम्मीदवारी को चुनौती देने की तैयारी की है। उधर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर नए चेहरे की तलाश रहेगी। रविवार को इस मामले में कुछ स्थिति साफ हो सकती है। रविवार को ही विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। इससे पहले प्रोटेम विधानसभा अध्यक्ष को लेकर विवाद सामने आया। भाजपा ने कालीदास कोलंबकर को विधानसभा अध्यक्ष पद की शपथ दिलायी थी। उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री बनते ही महाविकास आघाड़ी की ओर से दिलीप वलसे पाटील को प्रोटेम अध्यक्ष बना दिया गया। भाजपा ने इसे असंवैधानिक कहा है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील ने कहा है कि वलसे पाटील को विधानसभा के नियमों का उल्लंघन कर प्रोटेम अध्यक्ष बनाया गया। अब अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की ओर से किशन काथोडे को उम्मीदवार बनाया जा रहा है। माना जा रहा है कि सीक्रेट मतदान हुआ तो भाजपा उम्मीदवार ही जीतेगा। 

कौन है पटोले?

नाना पटोले साकोली से कांग्रेस के विधायक हैं। कांग्रेस किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष है। गोंदिया भंडारा में लोकसभा सदस्य रहते हुए उन्होंने भाजपा छोड़ी थी। बाद में नागपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार नितीन गडकरी के विरुद्ध कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ा था। लोकसभा में पराजय के बाद उन्होंने विधानसभा चुनाव में साकोली में भाजपा उम्मीदवार परिणय फुके को पराजित किया। महाविकास आघाड़ी की सरकार बनने पर उनका नाम मंत्रिपद के लिए चर्चा में आया, लेकिन अन्य नेताओं की दावेदारी को देखते हुए उन्हें मंत्रिपद नहीं मिल पाया। इस बीच कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए भी उनका नाम चर्चा में आया। कांग्रस के प्रदेश अध्यक्ष बालासाहब थोरात मंत्री बनाए गए हैं। पटोले के विधानसभा अध्यक्ष बनने की स्थिति में किसी नए चेहरे को कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाया जा सकता है। पटोले के नामांकन के समय राकांपा नेता प्रफुल पटेल, मंत्री छगन भुजबल, एकनाथ शिंदे, नितीन राऊत, कांग्रेस नेता विजय वडेट्‌टीवार उपस्थित थे। 

Tags:    

Similar News