मराठा-मुस्लिम आरक्षण के लिए विधायक सत्तार ने दिया इस्तीफा

मराठा-मुस्लिम आरक्षण के लिए विधायक सत्तार ने दिया इस्तीफा

Bhaskar Hindi
Update: 2018-07-30 19:19 GMT
मराठा-मुस्लिम आरक्षण के लिए विधायक सत्तार ने दिया इस्तीफा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। औरंगाबाद की सिल्लोड-सोयगांव विधान सभा सीट से कांग्रेस के विधायक अब्दुल सत्तार ने इस्तीफा दे  दिया है। सोमवार को सत्तार ने विधान मंडल के प्रधान सचिव अनंत कलसे को विधायक पद का इस्तीफा सौंपा। विधान सभा अध्यक्ष हरिभाऊ बागडे को लिखे पत्र में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मराठा, मुस्लिम,  धनगर समेत अन्य समाज के आरक्षण के लिए कोई ठोस फैसला नहीं कर रही है। इसलिए मैं विधान सभा की सदस्यता से इस्तीफा दे रहा हूं।

इससे पहले कांग्रेस पार्टी बैठक में सूत्रों के अनुसार कांग्रेस विधायक राहुल बोंद्रे और भारत भालके सहित कई अन्य विधायकों ने आरक्षण के मुद्दे पर सामूहिक इस्तीफे की पेशकश की। इस पर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक चव्हाण ने कहा इस बारे में बाद में विचार किया जाएगा। बाद में पत्रकारों से बातचीत में चव्हाण ने कहा कि विधायकों की भावना तीव्र है। लेकिन विधायकों के इस्तीफे के बारे में अभी कोई फैसला नहीं हुआ है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चव्हाण ने कहा कि मराठा आरक्षण पर प्रदेश में स्थिति विस्फोटक बनती जा रही है। सेल्फी निकाल कर युवक आत्महत्या कर रहे हैं। परिस्थिति सरकार के नियंत्रण के बाहर चली गई है। बैठक में शामिल कांग्रेस के एक विधायक ने कहा कि मराठा आरक्षण के आंदोलन ने हम लोगों को जगा दिया है। आने वाले समय में पार्टी मराठा, मुस्लिम और धनगर समाज के आरक्षण की मांग को लेकर सड़कों पर उतरने वालों का खुल कर साथ देगी। पार्टी आरक्षण की मांग करने वाले आंदोलनकारियों के साथ खड़े रहने का फैसला किया है।
 

Similar News