MLA सुंदरलाल तिवारी ने RSS को बताया आतंकी संगठन, कांग्रेस ने किया किनारा

MLA सुंदरलाल तिवारी ने RSS को बताया आतंकी संगठन, कांग्रेस ने किया किनारा

Bhaskar Hindi
Update: 2018-11-13 12:27 GMT
MLA सुंदरलाल तिवारी ने RSS को बताया आतंकी संगठन, कांग्रेस ने किया किनारा

डिजिटल डेस्क, भोपाल। RSS की सरकारी शाखाओं में बैन लगाने को अपने घोषणा पत्र में शामिल होने के बाद अब कांग्रेस नेता सुंदरलाल तिवारी के बयान ने कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मध्य प्रदेश में रीवा जिले से कांग्रेस विधायक सुंदरलाल तिवारी ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) को आतंक का प्रतीक बताया है। हालांकि सुदरलाल के इस बयान से कांग्रेस ने किनारा कर लिया है। पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा कि अगर RSS इस तरह की संस्था होती तो हम प्रतिबंध लगाने की बात करते। वहीं बीजेपी ने इसे मुद्दों से ध्यान भटकाने की कांग्रेस की कोशिश बताया है।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के आरोप लगा रही है। कांग्रेस संघ के खिलाफ जितना बोलेगी उतना ही खामियाजा उसे उठाना पड़ेगा। वहीं सांसद आलोक संजर ने कहा, कांग्रेस के छुट भैया नेताओं को सिर्फ संघ नजर आता है, लेकिन किसी भी संगठन और संस्था पर टिप्पणी करने से पहले उसका सूक्ष्म चिंतन कर लेना चाहिए। संघ का एक सूत्रीय कार्यक्रम है कि हम लोगों की कैसे सेवा कर सकें। कही कोई आपदा आती है या घटना घटती है तो सरकारी महकमे से पहले संघ के लोग वहां पहुंचते हैं।

सुंदर लाल तिवारी ने कहा था कि RSS वो संगठन है जिसने महात्मा गांधी की हत्या की थी। RSS पूर्ण रूप से राजनीतिक संगठन है जो धर्म के नाम पर सामाजिक घृणा और नफरत फैला रहा है। तिवारीने ने कहा प्रदेश सहित देश में एक अराजकता का माहौल पैदा किया जा रहा है। इनकी शाखा में देश का झंडा कभी नहीं फहराते और यह सब आतंकवाद का प्रतीक है। बता दें कि सुंदरलाला तिवारी रीवा जिले की गुढ़ विधानसभा से विधायक है।

गौरतलब है कि शनिवार को जारी अपने ‘वचन पत्र’ में कांग्रेस ने कहा था, ‘‘यदि प्रदेश में उसकी सरकार आती है तो वह शासकीय परिसरों में आरएसएस की शाखायें लगाने पर प्रतिबंध लगायेंगे तथा शासकीय अधिकारी एवं कर्मचारियों को शाखाओं में छूट संबंधी आदेश निरस्त करेंगे।’’ इसके एक दिन बाद रविवार को भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा, पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा एवं मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह ने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि अगर हिम्मत है तो संघ की शाखाओं पर प्रतिबंध लगाकर दिखाएं।

Similar News