दो LED बंद मिली तो कांग्रेस ने जताई आपत्ति, बाद में चालू कराई

दो LED बंद मिली तो कांग्रेस ने जताई आपत्ति, बाद में चालू कराई

Bhaskar Hindi
Update: 2018-12-02 19:27 GMT
दो LED बंद मिली तो कांग्रेस ने जताई आपत्ति, बाद में चालू कराई

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। भोपाल और खुरई में सामने आई स्थिति के बाद कांग्रेस स्ट्रांग रूम की चौकसी में लगी हुई है। रविवार को कांग्रेसी पीजी कॉलेज में स्ट्रांग रूम देखने पहुंचे। यहां दो विधानसभा क्षेत्र के स्ट्रांग रूम की एलईडी डिस्प्ले नहीं होने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताई। शिकायत पर कलेक्टर वेदप्रकाश मौके पर पहुंचे।

कलेक्टर ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष गंगाप्रसाद तिवारी, आनंद राजपूत समेत अन्य के समक्ष कैमरे व एलईडी की जांच कराई। दोनों रूम के कैमरे चालू पाए गए। जबकि डिस्प्ले नहीं हो पा रहा था जिसे तुरंत सुधार लिया गया। कलेक्टर ने कांग्रेस पदाधिकारियों को सातों विधानसभा सीटों के स्ट्रांग रूम दिखाए। रूम में लगी सील भी चैक कराई गई। निरीक्षण के बाद नेताओं ने व्यवस्था पर संतोष जाहिर किया है। कांग्रेस की आपत्ति के बाद करीब 15 से 20 मिनट तक अफसर हरकत में रहे। कांग्रेस नेता आनंद राजपूत ने बताया कि छिंदवाड़ा और जामई विधानसभा सीट के स्ट्रांग रूम की एलईडी बंद थी, शिकायत के बाद सुधार किया गया।

दो दिन बाद मिले पास
कांग्रेस ने स्ट्रांग रूम में अपने कार्यकर्ताओं को एजेंट के रूप में बैठाने के लिए आवेदन दिए थे। कांग्रेस नेता आनंद राजपूत के मुताबिक दो दिनों तक उन्हें पास नहीं मिल पाए। इसका कारण पुलिस वेरीफिकेशन में दिए गए नामों पर प्रकरण दर्ज होना बताया गया। बाद में दूसरे नाम दिए गए। इसके बाद प्रशासन ने पास जारी किए।

कांग्रेस ने छह एजेंट तैनात किए
स्ट्रांग रूम की निगरानी के लिए कांग्रेस ने पीजी कॉलेज में बने एलईडी कक्ष में छह एजेंट तैनात किए हैं। पांढुर्ना, सौंसर और छिंदवाड़ा के दो-दो एजेंट तैनात किए गए हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रत्याशियों को भी स्ट्रांग रूम आकर व्यवस्थाओं पर निगरानी के निर्देश दिए हैं। रविवार को जामई से कांग्रेस प्रत्याशी सुनील उइके पहुंचे।

Similar News