सुबह अभी भी सर्द, दोपहर का पारा उछला

सुबह अभी भी सर्द, दोपहर का पारा उछला

Anita Peddulwar
Update: 2019-02-12 07:37 GMT
सुबह अभी भी सर्द, दोपहर का पारा उछला

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  पश्चिमी विक्षोभ के चलते लगातार मौसम परिवर्तन हो रहा है। तीन दिन के बाद दोपहर का पारा जरूर उछला है लेकिन सुबह अभी भी सर्द बनी हुई है।  सोमवार को दिन के तापमान में 4 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान में 1.6 डिग्री बढ़त दर्ज की गई।  मंगलवार की सुबह तेज हवाओं के साथ ठंड की कंपकंपी रही, तो दोपहर आते-आते धूप तीखी हो गई है। मौसम जानकारों के अनुसार, अभी मौसम का उतार-चढ़ाव जारी रहने के आसार हैं। अगले 2 दिन में तापमान 12 डिग्री तक पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि हवा का तेज कायम रहेगा। सोमवार को अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो  सामान्य रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से 8 डिग्री नीचे 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता अधिकतम 55 तथा न्यनूतम 29 प्रतिशत रही। 

अनुमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि 13 फरवरी से एक और पश्चिमी विक्षोभ का असर पूर्वी कश्मीर पर आने के आसार हैं। इसका असर 13 फरवरी तक रह सकता है। इसके प्रभाव से नमी का दक्षिण-पूर्व की ओर रिसाव होगा। हवा की दिशा भी दक्षिण-पूर्व बनी हुई है। इससे विदर्भ में वर्षा की उम्मीद तो नहीं है, लेकिन तापमान में वृद्धि होने के आसार  हैं। अगले 2-3 दिनों में न्यूनतम तापमान के 12 डिग्री तक पहुंचने की उम्मीद है। हवा की गति 5 से 10 किमी तक बने रहने की उम्मीद है। 

7 को 17 डिग्री था 11 को 8 डिग्री
गुरुवार को दक्षिण पूर्व बनी हवा शुक्रवार को अचानक उत्तर, उत्तर पश्चिम हो गई। इस समय वादियों में इस सत्र के सबसे बड़े पश्चिमी विक्षोभ का असर था। इसके असर से गुरुवार को 17.1 डिग्री तक पहुंचा न्यूनतम तापमान 2 दिन में 8 डिग्री लुढ़क गया। इस दौरान हवा की गति 15 किमी से अधिक बनी रही। इससे ठंडक भरी हवाएं चुभन पैदा करती रहीं। 10 फरवरी को पारा कुछ और नीचे 6.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हवा की गति ठंड का अहसास बढ़ाती रही। उल्लेखनीय है कि फरवरी में यह 10 वर्ष का सबसे कम न्यूनतम तापमान रहा। साथ ही अब तक के फरवरी माह के दर्ज किए गए सबसे कम तापमान से 1.3 डिग्री ऊपर रहा। 12 फरवरी 1950 में इस माह का अब तक का सबसे कम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इससे पूर्व 2008 में फरवरी माह में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री तक गिरा था। 

 

Similar News