वॉट्सएप ग्रुप पर चिढ़ाने वाले कमेंट पर विवाद , घर में घुसकर हत्या

वॉट्सएप ग्रुप पर चिढ़ाने वाले कमेंट पर विवाद , घर में घुसकर हत्या

Anita Peddulwar
Update: 2020-10-06 06:56 GMT
वॉट्सएप ग्रुप पर चिढ़ाने वाले कमेंट पर विवाद , घर में घुसकर हत्या

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  वॉट्सएप ग्रुप में पोस्ट पर चिढ़ाने वाली कमेंट करने पर पांढराबोड़ी इलाके में तीन आरोपियों ने घर में घुसकर पड़ोसी की चाकू व अन्य घातक शस्त्र से हत्या कर दी। मृतक का नाम अशोक संतराम नहारकर (38), ट्रस्ट ले-आउट, पांढराबोड़ी निवासी है।  इस हत्याकांड में अंबाझरी  पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम मुन्ना महतो (50), रामू उर्फ चुन्नी महतो (26) और चेतन महतो (24), ट्रस्ट ले-आउट, पांढराबोड़ी निवासी हैं। आरोपी मुन्ना और उसके बेटे रामू व चेतन ने घटना को अंजाम दिया। छोटा भाई दिनेश, अशोक को बचाने दौड़ा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की।  आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

दरवाजा तोड़कर घर में घुसे
आरोपी दिनेश के घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसकर और विवाद करने लगे। दिनेश के बडे भाई अशोक नहारकर ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो आरोपी अशोक से विवाद करने लगे। आरोपी चेतन और मुन्ना ने अशोक को पकड़ लिया और रामू ने अशोक के सीने व पेट में  चाकू घोंप दिया। गंभीर रूप से जख्मी अशोक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही अंबाझरी थाने के उप-निरीक्षक  एस.आर. ठाकरे सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने इस मामले में आरोपी मुन्ना महतो, रामू और चेतन के खिलाफ धारा 302, 449, 394, 323, 34 के तहत मामला दर्ज किया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 

पहले छोटे भाई को पीटा
पुलिस सूत्रों के अनुसार  ट्रस्ट ले-आउट पांढराबोड़ी निवासी दिनेश नहारकर (33) ने अंबाझरी थाने में अपने भाई अशोक की हत्या किए जाने का मामला दर्ज कराया। उसने पुलिस को बताया कि, 4 अक्टूबर को रात करीब 10 बजे उनके पड़ोसी मुन्ना महतो  व उसका बेटा  रामू उर्फ चुन्नी महतो व आरोपी  चेतन महतो उसके घर के सामने आकर उसके भतीजे को गालियां देने लगे। जब दिनेश मध्यस्थता करने गया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। विवाद ज्यादा न बढ़े इसलिए दिनेश अपने परिवार के लोगों को घर के अंदर लेकर चला गया, लेकिन आरोपियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। 

दो महीने पहले हुआ था विवाद 
सूत्रों के अनुसार आरोपी चुन्नी और चेतन एक वॉट्स एप ग्रुप में जुड़े हैं। करीब दो माह पहले अशोक नहारकर भी इस वॉट्सएप ग्रुप से जुड़ा। इस ग्रुप पर सामाजिक कार्य के बारे में मैसेज वायरल किए जाते हैं। चुन्नी ने समाजकार्य की एक फोटो और मैसेज वॉट्सएप ग्रुप पर डाला था। उस पर अशोक ने चिढ़ाने वाला कमेंट किया। इसे लेकर चुन्नी और चेतन को गुस्सा आ गया और दोनों ने ग्रुप पर ही अशोक से  गाली-गलौज की। अशोक ने भी दोनों को गाली-गलौज की। दोनों ने एक-दूसरे को देख लेने की धमकी दी। दो दिन पहले अशोक अपने घर के सामने खड़ा था, तब चेतन ने अशोक को गाली दी थी। रविवार की रात को करीब 10 बजे अशोक जब आंगन में खड़ा था तभी आरोपी चुन्नी वहां गया। दोनों ने एक दूसरे को घूर कर देखा। इस बीच चुन्नी ने अपने छोटे भाई चेतन को बुला लिया। चेतन अपने भाई रामू और पिता मुन्ना के साथ अशोक के घर में घुसा और अशोक की हत्या कर दी।

Tags:    

Similar News