नागपुर में फिर कोरोना की आहट, 3 माह बाद 25 पॉजिटिव

होम क्वारेंटाइन  नागपुर में फिर कोरोना की आहट, 3 माह बाद 25 पॉजिटिव

Anita Peddulwar
Update: 2022-06-08 04:23 GMT
नागपुर में फिर कोरोना की आहट, 3 माह बाद 25 पॉजिटिव

डिजिटल डेस्क,  नागपुर । तीन महीने बाद मंगलवार को कोरोना के 25 नए मरीज पाए गए हैं। इस संख्या ने सरकार और प्रशासन के साथ ही आम जनता की चिंता बढ़ा दी है।  विशेषज्ञों का मानना है कि अब हमें सुरक्षा नियमों का पालन कर कोरोना के साथ ही जीना होगा। सामान्य सर्दी-बुखार, खांसी के दौरान भी जांच कराने पर रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आ रही है। गर्मी के दिनों में तापमान के कारण बुखार की समस्या होती है। यही वजह है कि कोरोना मरीजों की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ रही है। 20 मई तक मरीजों की संख्या 10 के भीतर ही थी। इसके बाद धीरे-धीरे मरीजों की संख्या में इजाफा होने लगा। 5 जून तक एक्टिव मरीजों की संख्या दोगुनी से अधिक हो चुकी थी। इस समय सक्रिय मरीज 53 हैं।  

मृतकों की संख्या स्थिर
3 मार्च 2022 को जिले में कोराना मरीजों की संख्या 25 पाई गई थी। इस दिन शहर में 16, ग्रामीण में 7 और जिले के बाहर के 2 मरीज थे। इसके तीन महीने बाद मंगलवार को फिर से नए मरीजों की संख्या 25 पाई गई है। इस दिन शहर में 15, ग्रामीण में 7 और जिले के बाहर के 3 मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं। मंगलवार को 587 सैंपलों की जांच की गई। अब तक कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 577902 हैं। इस दिन 5 मरीज स्वस्थ हुए हैं। अब तक कुल 567511 मरीज स्वस्थ हुए हैं। कोरोना रिकवरी दर 98.21 फीसदी पर स्थिर है। इस दिन कोरोना से किसी की मौत नहीं हुई है। अब तक कुल 10338 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें शहर के 6042, ग्रामीण के 2627 व जिले के बाहर के 1669 मृतक हैं। सभी एक्टिव मरीज गृह विलगीकरण में हैं। वहीं, पिछले दो महीने से अधिक समय से मृतकों की संख्या स्थिर होने से प्रशासन समाधान व्यक्त कर रहा है।

यह सभी मरीज बिना लक्षण वाले हैं। इसलिए उन्हें अस्पताल में भर्ती होने की आवश्यकता नहीं है। उन्हें गृह विलगीकरण में रखा जा रहा है, लेकिन सावधानी जरूरी है। वैक्सीनेशन के बाद से लोगों में इम्यूनिटी बढ़ी है। इसलिए कोरोना से डरने की आवश्यकता नहीं है। सुरक्षा का पालन जरूरी है।

तीव्र व घातक नहीं होगी
मरीजों की बढ़ती संख्या से घबराने की आवश्यकता नहीं है। इसे चौथी लहर का नाम देना उचित नहीं है। वैक्सीनेशन होने से रोगप्रतिकारक शक्ति बढ़ी है। अब कोरोना की तीव्रता नहीं है, लेकिन सुरक्षा नियमों का पालन करना जरूरी है।    - डॉ. राज गजभिये, प्रभारी अधिष्ठाता, शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय व अस्पताल नागपुर

Tags:    

Similar News