चामोर्शी कृउबास में लाखों रुपए का भ्रष्टाचार!

आरोप चामोर्शी कृउबास में लाखों रुपए का भ्रष्टाचार!

Anita Peddulwar
Update: 2022-09-30 11:21 GMT
चामोर्शी कृउबास में लाखों रुपए का भ्रष्टाचार!

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली। जिले के चामोर्शी स्थित कृषि उपज बाजार मंडी में संचालक मंडल पर लाखों रुपए का भ्रष्टाचार करने का आरोप स्वाभिमानी सामाजिक संगठन के पदाधिकारियों ने   एक पत्र परिषद में लगाया है। जिलाधिकारी से की गयी शिकायत के बाद जिला उपनिबंधक ने भ्रष्टाचार की जांच की। लेकिन अब तक संबंधित संचालक मंडल के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई नहीं हो पायी है। मामले की गहनता से जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग को लेकर अब स्वाभिमानी सामाजिक संगठन ने जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष बेमियादी आंदोलन करने की चेतावनी दी है।  संगठन के पदाधिकारी धनराज वासेकर, राजेंद्र धोडरे और माणिकचंद कोहले ने पत्रकारों को बताया कि, कृउबास के संचालक मंडल की कार्यअवधि समाप्त होने के कारण यह संचालक मंडल अब बर्खास्त हो गया है। बावजूद इसके मंडल के पदाधिकारी मंडी के मुख्य कार्यालय में आकर िवभिन्न कार्यों में हस्तक्षेप कर रहे हैं।

समिति के संचालक मंडल ने किसान निवास निर्माणकार्य दिखाकर 21 अप्रैल 2022 को 14 लाख 62 हजार 612 रुपए की राशि मंडी से उठायी है। प्रत्यक्ष में किसान निवास का किसी तरह से निर्माणकार्य न करते हुए मंदिर को ही किसान भवन दिखाकर लाखों रुपए का गबन किया है। समिति के नाम पर चामोर्शी-भेंडाला महामार्ग पर भूमि खरीदी की प्रक्रिया की गयी। वास्तविकता में समिति के लिए किसी तरह की भूमि की कोई आवश्यकता नहीं है। इस खरीदी प्रक्रिया में 1 करोड़ 81 लाख 50 हजार रुपए का खर्च किया गया। वर्तमान में खरीदी गयी जमीन का कोई उपयोग नहीं हो रहा है। इस खरीदी प्रक्रिया में भी भ्रष्टाचार होने का आरोप स्वाभिमानी संगठन ने लगाया है। संगठन के पदाधिकारियों ने सारे भ्रष्टाचार के सबूतों के साथ 28 जुलाई को जिलाधिकारी संजय मीना से शिकायत की। इस शिकायत पर गंभीरता से ध्यान देकर जिलाधिकारी ने जिला उपनिबंधक के माध्यम से जांच कार्य शुरू किया। 5 अगस्त को जांच रिपोर्ट पेश करने के बाद जिलाधिकारी मीना ने संबंधित संचालक मंडल के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश भी जारी किये हैं। लेकिन अब तक संचालक मंडल के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई नहीं की गयी है।  इस मामले में दोषी संचालक मंडल के िखलाफ कार्रवाई न होने पर जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष बेमियादी अनशन करने की चेतावनी भी स्वाभिमानी सामाजिक संगठन के पदाधिकारियों ने दी है। पत्र परिषद में धनराज वासेकर, राजू धोडरे, माणिकचंद कोहले, विश्वनाथ बुरांडे, रामेश्वर मेश्राम आदि उपस्थित थे।  
 

Tags:    

Similar News