कोविड-19 : नया हॉटस्पॉट नाईक तालाब , सतरंजीपुरा चेन को भी पीछे छोड़ा

कोविड-19 : नया हॉटस्पॉट नाईक तालाब , सतरंजीपुरा चेन को भी पीछे छोड़ा

Tejinder Singh
Update: 2020-06-10 06:11 GMT
कोविड-19 : नया हॉटस्पॉट नाईक तालाब , सतरंजीपुरा चेन को भी पीछे छोड़ा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मोमिनपुरा, सतरंजीपुरा के बाद कोरोना संक्रमितों की लंबी चेन नाईक तालाब में मिली है। यहां संक्रमित एक टेलर की चेन 126 लोगों तक पहुंच चुकी है। इसमें उसके दो मित्र और परिजन भी शामिल हैं। एक मित्र हाथ ठेले पर तरबूज बेचता है, तो दूसरा कपड़े की दुकान पर काम करता है। इस क्षेत्र के 726 लोगों को मनपा ने क्वारेंटाइन किया है। अभी सैकड़ों लोगों की रिपोर्ट का इंतजार है। कुल मिलाकर शहर में नाईक तालाब कोरोना का नया हॉटस्पॉट बन गया है। एक सप्ताह में यहां मिले पॉजिटिव मरीजों की संख्या सवा सौ के पार पहुंच चुकी है।  

पहला मरीज 28 मई को मिला 
नाईक तालाब परिसर में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इस परिसर में पहला पॉजिटिव मरीज 28 मई को मिला था। उसके संपर्क खंगालकर सभी को क्वारेंटाइन किया गया। कुल 726 लोगों को क्वारेंटाइन किया गया। इसमें 200 से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से अपने-आप को क्वारेंटाइन किया। पहला पॉजिटिव स्वस्थ होकर घर लौट गया है, लेकिन उसके साथ क्वारेंटाइन किए गए लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने का सिलसिला जारी है।

लॉकडाउन में किसी ठेकेदार से लिया था कपड़े सिलने का काम
बस्ती के जिस पहले व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई, वह पेशे से दर्जी है। लॉकडाउन में दुकान बंद हो जाने पर किसी ठेकेदार से कपड़े सिलने का काम लिया था। कपड़े के लेन-देन के सिलसिले में वह घर से बाहर भी आता-जाता था। कहां वह संक्रमित हुआ, उसे पता नहीं चला। उसके परिवार के 16 सदस्यों के साथ ही दो मित्रों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। एक मित्र कपड़े की दुकान में काम करता है और दूसरा हाथ ठेले पर तरबूज बेचकर अपना गुजारा करता है। कपड़े की दुकान में काम करने वाले मित्र के परिवार के 6 सदस्य और तरबूज बेचने वाले मित्र के परिवार के 4 सदस्य भी पहले ही पॉजिटिव आ चुके हैं। इसके बाद इन लोगों के संपर्क में आने वालों की खोजबीन शुरू हुई। जानकारी मिलने पर संपर्क में आने वाले लोगों को क्वारेंटाइन किया गया है

200 लोग क्वारेंटाइन के लिए खुद आए थे आगे 
स्थानीय नगरसेवक दीपराज पार्डीकर ने बताया कि नाईक तालाब का पहला पॉजिटिव मरीज तबीयत खराब होने के बाद स्वयं अस्पताल गया था। उसकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर बस्ती में हड़कंप मच गया। उसके संपर्क में आए लोगों को क्वारेंटाइन किया गया। साथ ही, सावधानी बरतते हुए 200 लोग खुद आगे आए और उन्हें भी क्वारेंटाइन किया गया। क्वारेंटाइन किए गए लोगों में से पॉजिटिव मरीजों के मिलने का सिलसिला अभी जारी है। इससे पूरे क्षेत्र में दहशत है।

टेलर की चेन के सैकड़ों लाेग अभी क्वारेंटाइन  
नाईक तालाब में सबसे पहला मरीज जो मिला था, वह टेलर का काम करता था। उसी मरीज की चेन के 126 लोग संक्रमित मिल चुके हैं। इसी चेन के सैकड़ों लोग क्वारेंटाइन हैं, जिनकी रिपोर्ट का इंतजार है।
-डॉ. प्रवीण गंटावार, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी, मनपा
 

Tags:    

Similar News